India vs Panama Football Match: भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए एक जरूरी अपडेट है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने शनिवार को ऐलान किया है कि भारत और पनामा के बीच होने वाले इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच की तारीख बदल दी गई है। पहले यह मैच 26 सितंबर को होना था, लेकिन अब यह एक दिन पहले यानी 25 सितंबर को खेला जाएगा। मैच की जगह में कोई बदलाव नहीं है। यह मुकाबला बेंगलुरु के श्री कांटेरावा स्टेडियम में ही होगा और फीफा मेंस इंटरनेशनल मैच विंडो का हिस्सा रहेगा।
भारतीय टीम के लिए अहम मैच
यह मैच भारतीय टीम के लिए बहुत अहम है। ब्लू टाइगर्स का सामना दुनिया की 44वें नंबर की टीम पनामा से होगा। पनामा की टीम इस साल की शुरुआत में हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खेली थी। ऐसे में भारत को एक मजबूत और वर्ल्ड कप खेली हुई टीम के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिलेगा। AIFF ने इस विंडो के लिए भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड क्लास विरोधियों का शेड्यूल तैयार किया है ताकि टीम को भविष्य के बड़े टूर्नामेंट्स के लिए बेहतरीन अनुभव मिल सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- उरुग्वे ने भारत दौरे के लिए जारी किया 46 सदस्यों का स्क्वॉड, फोर्लान की कोच के तौर पर पहली परीक्षा
ब्राजील और उरुग्वे से भी फ्रेंडली मैच
पनामा के खिलाफ मैच के बाद टीम इंडिया कोलकाता जाएगी, जहां दो और भी बड़े मुकाबले उसका इंतजार कर रहे हैं। भारतीय टीम 3 अक्टूबर को पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील से भिड़ेगी और फिर 6 अक्टूबर को दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे से खेलेगी। दोनों मैच कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (साल्ट लेक स्टेडियम) में खेले जाएंगे।खास बात यह है कि भारत के तीनों प्रतिद्वंद्वी - पनामा, ब्राजील और उरुग्वे - इस साल हुए फीफा वर्ल्ड कप में खेल चुके हैं। ऐसे में कोच खालिद जमील की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए यह तीन मैच किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होंगे।
इन तीन मैचों से भारत को अपनी फीफा रैंकिंग सुधारने, नए खिलाड़ियों को आजमाने और बड़ी टीमों के खिलाफ खेलने का आत्मविश्वास हासिल करने में काफी मदद मिलेगी। बेंगलुरु से शुरू होने वाला यह फुटबॉल का त्योहार कोलकाता में अपने चरम पर होगा।
