Spiritual retreat Tamil Nadu: ईशा योग केंद्र में वेल्लियंगिरी पहाड़ियों के नीचे स्थित ध्यानलिंग बेहद आध्यात्मिक जगह है। इसे सद्गुरु ने 24 जून 1999 को स्थापित किया था। यह कोई आम मंदिर नहीं है, बल्कि एक ऐसा स्थान है जो गहरे ध्यान और शांति का अनुभव कराने के लिए बनाया गया है। सद्गुरु के अनुसार ध्यानलिंग को अंतिम मुक्ति का द्वार माना गया है। यहां किसी तरह की पूजा-पाठ, अनुष्ठान या बलिदान नहीं होता। यह पूरी तरह मौन और ध्यान का स्थान है, जहां सिर्फ कुछ मिनट बैठने से भी लोग अंदर से गहरी शांति महसूस कर सकते हैं।
हर धर्म के लोगों के लिए है खुला
यहां किसी भी धर्म या पहचान की बाध्यता नहीं है जो इसकी खास बात है। दुनिया के किसी भी कोने से किसी भी धर्म के लोग यहां बैठ सकते हैं। यहां सिर्फ होने का अनुभव कराया जाता है, ना कि किसी धार्मिक प्रक्रिया का हिस्सा बनने का। अगर आप प्रकृति के साथ जुड़ाव महसूस करना चाहते हैं तो ये स्थान आपको आध्यात्मिक ऊर्जा से भर सकता है।
ऊर्जा और योगिक विज्ञान से जुड़ा महत्व
सद्गुरु बताते हैं कि ध्यानलिंग में सातों ऊर्जा केंद्र (चक्र) अपने उच्चतम स्तर पर सक्रिय किए गए हैं। इसे इस तरह लॉक किया गया है कि इसकी ऊर्जा लंबे समय तक बनी रहे। यह स्थान एक जीवित ऊर्जा संरचना की तरह काम करता है, जो साधकों को गहरे ध्यान की अवस्था में ले जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अचानक विपत्ति ला सकता है सूर्य-चंद्र वैधृति योग, सतर्क रहें इन 5 राशियों
अनोखी वास्तुकला और मौन की शक्ति
ध्यानलिंग की संरचना भी बेहद खास है। इसे बिना खंभों के अंडाकार गुंबद के रूप में बनाया गया है, जो ईंट, मिट्टी, चूना और औषधीय तत्वों से तैयार हुआ है। इसका डिजाइन सिर्फ सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि ध्यान की ऊर्जा को संतुलित रखने के लिए किया गया है। यहां की मौनता सिर्फ खामोशी नहीं, बल्कि एक गहरी आध्यात्मिक अनुभूति है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: किस्मत बदलने आ गए हैं सूर्य और मंगल, दशांक योग से इन 5 राशियों का दूर होगा अमंगल
कैसे पहुंचें
यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी शहर कोयंबटूर है। कोयंबटूर से ईशा योग केंद्र की दूरी लगभग 30-40 किलोमीटर है। अगर आप ट्रेन से आते हैं तो कोयंबटूर जंक्शन सबसे सही स्टेशन है, और हवाई यात्रा के लिए कोयंबटूर एयरपोर्ट सबसे नजदीक है। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट से यहां पहुंचने के लिए टैक्सी, कैब या बस आसानी से मिल जाती है। ध्यान दें कि ध्यानलिंग परिसर तक पहुंचने के लिए थोड़ी पैदल यात्रा करनी पड़ती है।
