Gujarat CM Bhupendra Patel Captain Smit Machchhar: फ्लाईदुबाई (Flydubai) की उड़ान FZ1073 में कॉकपिट के भीतर जानलेवा हमले का सामना करते हुए 174 यात्रियों की जिंदगी सुरक्षित बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machchhar) के शौर्य की गूंज अब देश-दुनिया के साथ उनके गृह राज्य गुजरात में भी गर्व से सुनाई दे रही है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया पर विशेष संदेश जारी कर गुजराती मूल के इस जांबाज पायलट के अदम्य साहस की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री ने भी कैप्टन मच्छार को 'राष्ट्रीय नायक' बताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
'उनकी रगों में बहता है गुजराती खून': CM भूपेंद्र पटेल
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर कैप्टन मच्छार के साहस को सलाम करते हुए लिखा, 'गुजरात और पूरे देश को अटूट गर्व है! आसमान की ऊंचाइयों में कैप्टन स्मित मच्छार द्वारा दिखाया गया अदम्य साहस और शौर्य सचमुच अकल्पनीय है। खुद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर से डटकर मुकाबला किया, एक बड़ी त्रासदी को टाला और 174 यात्रियों की जान बचाई।'
'वह एक गौरवान्वित भारतीय हैं और उनकी रगों में गुजराती खून बहता है, जो हमारे साहस और लचीलेपन का सच्चा प्रतीक है। गुजराती मूल के इस वीर सपूत ने वैश्विक मंच पर पूरे देश का नाम रोशन किया है। मैं उनकी असाधारण वीरता को सलाम करता हूं और उनके शीघ्र व पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। जय हिंद! जय जय गरवी गुजरात!'
34,000 फीट की ऊंचाई पर दिखाई थी अदम्य वीरता
दुबई से तेल अवीव (इजरायल) जा रही फ्लाईदुबाई की फ्लाइट FZ1073 में जब सह-पायलट ने अचानक चाकू से हमला कर कॉकपिट पर नियंत्रण छीनने और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की, तब कैप्टन स्मित मच्छार ने खुद लहूलुहान होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी।
अटूट संकल्प: चाकू से वार किए जाने के बावजूद उन्होंने हमलावर सह-पायलट को विमान को अनियंत्रित नहीं करने दिया।
सूझबूझ से खोला दरवाजा: उन्होंने खुद दर्द सहते हुए कॉकपिट का दरवाजा 'Unlock' किया, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर्स को अंदर आकर हमलावर को दबोचने का मौका मिला।
सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग: घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।
फिलहाल कैप्टन मच्छार का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए गुजरात समेत पूरे देश में दुआएं मांगी जा रही हैं।
विदेश मंत्री जयशंकर ने क्या कहा?
डॉ. एस. जयशंकर ने कहा, 'कैप्टन स्मित मच्छर ने भारी खतरे के बावजूद असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कल सैकड़ों लोगों की जान बचाई और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। आइए, दुनिया भर के उन अनगिनत लोगों के साथ मिलकर उनके साहस को सलाम करें और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करें।'
