शहर

Thane Murder: शिवसेना UBT नेता हत्याकांड में बेटे ने लगाए गंभीर आरोप, कहा -पूर्व मेयर और उनके पति ने रची साजिश

ठाणे में शिवसेना (UBT) नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में उनके 26 वर्षीय बेटे ने पूर्व मेयर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार और एक अन्य को हिरासत में लिया है।

Image

प्रदीप पूर्णेकर के बेटे ने पूर्व मेयर पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप

Photo : Times Now Digital

Thane Pradeep Purnekar Murder Case: महाराष्ट्र के ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया है। मृतक के 26 वर्षीय बेटे राम पूर्णेकर ने पुलिस को अपना आधिकारिक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने ठाणे की पूर्व मेयर और शिवसेना नेता मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य को हिरासत में लिया गया है।

बेटे ने पुलिस को क्या बताया?

प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद ठाणे में विरोध प्रदर्शन हुए थे। बुधवार को शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत और आदित्य ठाकरे भी कपूरबावड़ी पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके बाद पुलिस ने राम पूर्णेकर का विस्तृत बयान दर्ज किया। राम ने अपने बयान में आरोप लगाया कि उनके पिता को ठाणे की पूर्व महापौर एवं शिवसेना नेता मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे ने निशाना बनाने की साजिश रची थी।

पुलिस ने शिवसेना (उबाठा) के ’विभाग प्रमुख’ पर मंगलवार रात घोड़बंदर रोड के पास जानलेवा हमला किए जाने के बाद भारतीय न्याय संहिता और हथियार अधिनियम के तहत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपियों में पप्या शिंदे, जो पूर्णेकर का पूर्व सहयोगी बताया जा रहा है, संतोष कनोजिया उर्फ टल्ली, निखिल यादव उर्फ शूटर और दो अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।

राम ने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर की रात उसने घोड़बंदर इलाके में राजेंद्र शिंदे को कनोजिया, यादव और नितेश उर्फ भावड्या पवार के साथ संदिग्ध रूप से मिलते देखा था। घर लौटने पर उसने यह बात अपने पिता को बताई। बयान के मुताबिक, इसके बाद उनके पिता ने उन्हें रात 10 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी थी और आशंका जताई थी कि उन्हें निशाना बनाया जा सकता है।

राजनीतिक और निजी विवाद का लगाया आरोप

राम ने पुलिस को बताया कि ठाणे नगर निगम चुनाव के बाद से राजनीतिक और व्यक्तिगत विवाद चल रहे थे। इन चुनावों में मीनाक्षी शिंदे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना से चुनाव लड़ा था, जबकि राम की मां विजेता पूर्णेकर और चाचा जयनाथ पूर्णेकर को शिवसेना (उबाठा) ने उम्मीदवार बनाया था। राम ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक विवाद, जमीन से जुड़े मामले और उनके पिता द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के कारण पूर्व महापौर और उनके पति ने उन्हें निशाना बनाने की साजिश रची।

इस बीच, भारी पुलिस सुरक्षा के बीच पूर्णेकर का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें शिवसेना (उबाठा) के नेताओं समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए। संयुक्त पुलिस आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण ने मीडिया से कहा कि स्थानीय पुलिस और अपराध शाखा की कई टीम मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मामले में कई आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

कार्यालय में घुसकर गोली और धारदार हथियार से हमला

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:30 बजे घोड़बंदर इलाके में कपूरबावड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुछ नकाबपोश हमलावरों ने पूर्णेकर के कार्यालय में उन पर गोली चलाई और धारदार हथियारों से हमला किया। उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां आपातकालीन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुधवार दोपहर सैकड़ों शिवसेना (उबाठा) कार्यकर्ता, परिवार के सदस्य और आदित्य ठाकरे तथा संजय राउत कपूरबावड़ी पुलिस थाने के बाहर जमा हुए। वे पोस्टमार्टम के बाद पूर्णेकर का पार्थिव शरीर लेकर वहां पहुंचे थे। राउत ने मांग की कि पुलिस पूर्णेकर के बेटे का बयान पूरक प्राथमिकी के रूप में दर्ज करे तथा ठाणे की पूर्व महापौर और उनके पति के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करे।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article