Surya Mangal Dashank Yog 2026 : वैदिक ज्योतिष में ग्रहों के बीच बनने वाले विशेष कोणीय संबंधों का काफी महत्व माना जाता है। जब दो ग्रह एक-दूसरे से किसी खास डिग्री पर स्थित होते हैं तो उनके बीच अलग-अलग योग बनते हैं, जिनका प्रभाव व्यक्ति के जीवन पर पड़ता है। 24 जून 2026 को सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर ग्रहों के राजा सूर्य और ग्रहों के सेनापति मंगल एक-दूसरे से 36 डिग्री पर आ गए हैं। इस स्थिति से सूर्य और मंगल के बीच दशांक योग का निर्माण हुआ है।
सूर्य आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, मान-सम्मान, पिता, सरकारी क्षेत्र और आत्मबल के कारक माने जाते हैं। वहीं, मंगल साहस, ऊर्जा, भूमि, पराक्रम, तकनीकी क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में सूर्य और मंगल का संबंध व्यक्ति के अंदर ऊर्जा, साहस और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने वाला माना जाता है। हालांकि इस योग का प्रभाव सभी राशियों पर अलग-अलग पड़ सकता है। कुछ राशियों के लिए यह समय करियर, धन और सफलता के नए अवसर लेकर आएगा, जबकि कुछ लोगों को क्रोध और जल्दबाजी से बचने की जरूरत होगी। आइए जानते हैं कि यह गोचर किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा।
मेष राशि
मेष राशि के स्वामी मंगल हैं और सूर्य के साथ मंगल का संबंध इस राशि के लोगों के लिए काफी प्रभावशाली रह सकता है। इस दौरान आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और रुके हुए कार्यों को पूरा करने का साहस मिलेगा। नौकरी और बिजनेस में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए भी समय अच्छा रह सकता है। हालांकि, मंगल की ऊर्जा अधिक होने से गुस्से और जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचना होगा। भगवान हनुमान की उपासना लाभकारी रहेगी।
सिंह राशि
सिंह राशि के स्वामी सूर्य हैं, इसलिए दशांक योग का प्रभाव इस राशि के लोगों के लिए शुभ माना जा सकता है। इस दौरान नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी और कार्यक्षेत्र में आपकी पहचान मजबूत हो सकती है। नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिलने के योग बन सकते हैं। सरकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों को लाभ मिल सकता है। पिता या वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। आत्मविश्वास के कारण कई महत्वपूर्ण फैसले लेने में सफलता मिल सकती है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के स्वामी भी मंगल हैं। सूर्य और मंगल का यह संबंध इस राशि के लोगों को साहस और निर्णय लेने की क्षमता प्रदान कर सकता है। बिजनेस में नई योजनाओं पर काम शुरू करने के लिए समय अनुकूल रहेगा। भूमि, प्रॉपर्टी और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों को फायदा मिल सकता है। नौकरी में आपकी मेहनत की सराहना हो सकती है। हालांकि स्वास्थ्य में गर्मी और रक्त से जुड़ी समस्याओं को लेकर सावधानी रखें।
धनु राशि
धनु राशि के लोगों के लिए सूर्य और मंगल का यह योग करियर के लिहाज से अच्छा साबित हो सकता है। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग ला सकती है और नई उपलब्धियां मिलने के योग बन सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए यह समय मेहनत और एकाग्रता बढ़ाने वाला रहेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए प्रयास तेज करने चाहिए। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ सकती है।
मकर राशि
मकर राशि के लोगों को दशांक योग के प्रभाव से कार्यक्षेत्र में लाभ मिल सकता है। नौकरी में नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ ही आपके काम की प्रशंसा हो सकती है। बिजनेस में कोई नया प्रोजेक्ट शुरू करने का विचार बना सकते हैं। हालांकि आर्थिक फैसले सोच-समझकर लेने की जरूरत होगी। क्रोध और तनाव को नियंत्रित रखना लाभकारी रहेगा।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
