अध्यात्म

शनि जयंती पर हनुमान जी की पूजा क्यों करनी चाहिए, जानें क्या है इसकी धार्मिक मान्यता, पूजा से क्या लाभ मिलते हैं

Hanuman Puja on Shani Jayanti: आज 16 मई, शनिवार के दिन शनि जयंती मनाई जा रही है। हम आपको बताएंगे कि शनि जयंती पर हनुमान जी की पूजा करना क्यों फायदेमंद माना जाता है। आइए जानते हैं इसकी धार्मिक मान्यता।

Image

शनि जयंती पर हनुमान जी की पूजा क्यों करनी चाहिए

Hanuman Puja on Shani Jayanti: शनि जयंती का दिन न्याय के देवता भगवान शनि को समर्पित माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु शनि देव की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं और जीवन में चल रही परेशानियों, आर्थिक संकट, रोग और शनि दोष से राहत पाने की कामना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शनि जयंती (Shani Jayanti 2026) पर भगवान हनुमान की पूजा करना भी बेहद फलदायी माना गया है। कहा जाता है कि हनुमान जी की कृपा से शनि के अशुभ प्रभाव कम हो जाते हैं और व्यक्ति को मानसिक शांति, साहस और सफलता प्राप्त होती है।

शनिदेव और हनुमान जी का विशेष संबंध

पौराणिक कथाओं के अनुसार एक बार शनि देव को अपने बल और प्रभाव पर बहुत अभिमान हो गया था। तब उन्होंने भगवान हनुमान की शक्ति को चुनौती दी। उस समय हनुमान जी रामभक्ति में लीन थे। शनि देव बार-बार उन्हें परेशान करने लगे, जिससे हनुमान जी क्रोधित हो गए और अपनी पूंछ में शनि देव को लपेट लिया। इससे शनि देव को काफी पीड़ा हुई।

तब शनि देव ने हनुमान जी से क्षमा मांगी और वचन दिया कि जो व्यक्ति सच्चे मन से हनुमान जी की पूजा करेगा, उस पर शनि की कठोर दृष्टि का प्रभाव नहीं होगा। यही कारण है कि शनि जयंती पर हनुमान पूजा को विशेष महत्व दिया जाता है।

शनि जयंती पर हनुमान जी की पूजा करने से क्या लाभ मिलते हैं

ज्योतिष शास्त्र में माना जाता है कि जिन लोगों पर शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या या महादशा चल रही हो, उन्हें नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए। शनि जयंती के दिन हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करना आपको कष्टों से मुक्ति दिला सकता है। धार्मिक मान्यता है कि हनुमान जी की आराधना करने से भय, नकारात्मक ऊर्जा और बाधाएं दूर होती हैं। इसके साथ ही व्यक्ति को आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। इसलिए कई लोग इस दिन शनिदेव के साथ-साथ बजरंगबली की भी पूजा करते हैं।

शनि जयंती पर कैसे करें हनुमान जी की पूजा

शनि जयंती के दिन सुबह स्नान करने के बाद साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद हनुमान मंदिर जाकर भगवान हनुमान को चमेली का तेल, सिंदूर, लाल फूल और गुड़-चना अर्पित करें। आज के दिन हनुमान जी को चोला चढ़ाना भी फायेदमंद माना जाता है।

इसके बाद हनुमान चालीसा, बजरंग बाण या सुंदरकांड का पाठ करना शुभ माना जाता है। शाम के समय सरसों के तेल का दीपक जलाकर शनिदेव और हनुमान जी की आरती करें। यदि संभव हो तो शनि जयंती के दिन जरूरतमंद लोगों को काले तिल, उड़द दाल, तेल या भोजन का दान करें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article