शहर

दिल्ली की सियासत में बड़ा उलटफेर, AAP छोड़ कांग्रेस में आईं प्रियंका कक्कड़, BJP और CEC ज्ञानेश कुमार पर क्या बोलीं?

Priyanka Kakkar Joins Congress: आम आदमी पार्टी की पूर्व नेता प्रियंका कक्कड़ ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने कहा कि वह गर्व के साथ कांग्रेस में शामिल हो रही हैं। उनका मुख्य मकसद वोटों को बिखेरने से रोकना और भाजपा व ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना है।

Image

AAP का साथ छोड़ कांग्रेस में शामिल हुईं प्रियंका कक्कड़

Photo : ANI

Priyanka Kakkar Joins Congress: देश की राजधानी दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता और सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता प्रियंका कक्कड़, उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा और 20 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव रखने वाले रजत राकेश टंडन ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया।

कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा और जम्मू-कश्मीर के प्रभारी नेताओं ने इन सभी का पार्टी में औपचारिक स्वागत किया। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व से प्रभावित होकर देश भर के दिग्गज नेता कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।

राहुल गांधी को बताया सच्चा और मजबूत नेता

कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा कि वह अपनी पुरानी वाली दिल्ली वापस चाहती हैं, जो हरी-भरी, साफ, सुरक्षित और प्रगतिशील थी। उन्होंने कहा कि राजनीति के एक दशक के अनुभव के बाद उन्हें पूरा भरोसा है कि यह काम सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को एक सच्चा और मजबूत नेता बताते हुए प्रियंका ने कहा कि अब हमें वोटों को बटने से रोकना होगा और भाजपा की पीछे ले जाने वाली राजनीति का एकजुट होकर मुकाबला करना होगा।

वहीं पत्रकार रजत राकेश टंडन, जो स्वतंत्रता सेनानी पुरुषोत्तम दास टंडन के परिवार से आते हैं, ने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जहां आम लोगों और युवाओं की आवाज सुनी जाती है। उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि आज बाकी दल जातिवाद और सांप्रदायिकता की बात करते हैं, जबकि राहुल गांधी और कांग्रेस केवल इंसानियत की बात करते हैं।

प्रियंका कक्कड़ ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बोला हमला

कांग्रेस का हाथ थामते ही उन्होंने अपनी खुशी और नई सोच को जाहिर किया। प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि वह बहुत गर्व और सम्मान के साथ कांग्रेस परिवार का हिस्सा बन रही हैं। उन्होंने अपनी रणनीति साफ करते हुए कहा कि इस समय सबसे बड़ी जरूरत वोटों के बिखराव को रोकना है। अगर वोट बंटेंगे तो विरोधी राजनीति मजबूत होगी। प्रियंका ने जोर देकर कहा कि उनकी लड़ाई ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है और उनका मुख्य लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पीछे ले जाने वाली राजनीति को हराना है।

पवन खेड़ा ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना

इस मौके पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 'आप' अब राजनीतिक रूप से कमजोर हो चुकी है और पंजाब में भी उसका जनाधार खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का एकमात्र जरिया अब सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article