अध्यात्म

Sawan Somwar का पहला Vrat छूट जाए तो क्या अगले सोमवार से व्रत रख सकते हैं? जानें क्या कहता है शास्त्र

Sawan Somwar Vrat 2026: सावन सोमवार का व्रत देवों के देव महादेव की कृपा पाने के लिए श्रेष्ठ माना जाता है। यदि किसी कारणवश आपसे पहले सावन सोमवार का व्रत छूट जाए तो अगले सोमवार से उपवास शुरू करना शास्त्रों के अनुसार उचित है या नहीं, आइए इस बारे में जानें।

Image

सावन सोमवार व्रत से जुड़े जरूरी नियम

Sawan Somwar Vrat 2026: भगवान शिव को समर्पित सावन का पवित्र महीना शुरू हो गया है। वैसे तो सावन का हर दिन शिव आराधना के लिए विशेष होता है, लेकिन सावन के सोमवार का महत्व सबसे अधिक है। जो लोग पूरे सावन में व्रत या नियमित पूजा नहीं कर पाते हैं, वो सावन के सोमवार का व्रत अवश्य रखते हैं। खासकर, सावन के पहले सोमवार को बेहद शुभ माना जाता है, इसलिए इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपवास और भोलेबाबा की पूजा करते हैं।

यदि किसी कारणवश सावन के पहले सोमवार का व्रत छूट जाए तो क्या अगले सोमवार से उपवास शुरू कर सकते हैं? क्या धार्मिक दृष्टि से ऐसा करना सही है या इससे दोष-पाप लगता है? अगर आपके मन में भी यही दुविधा है तो यहां आपको इसका उत्तर मिलेगा।

सावन सोमवार का पहला व्रत छूट जाए तो क्या करें?

पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है कि यदि किसी भक्त से सावन सोमवार का पहला व्रत छूट जाता है तो वो दूसरे, तीसरे या चौथे सोमवार से व्रत रख सकता है। आपने जितने सोमवार व्रत का संकल्प लिया है, उसे पूरा जरूर करें। अपने संकल्प को किसी भी कारण से न तोड़ें। हालांकि, उपवास का आरंभ करने से पहले शिव जी के मंदिर जाएं। वहां जाकर पूजा करें और भोलेबाबा से सावन के पहले सोमवार का व्रत न रखने के लिए माफी मांगें। शिव जी बहुत दयालु और कृपालु हैं, जो अपने भक्त को दुखी नहीं देख सकते हैं।

सावन सोमवार व्रत से जुड़े जरूरी नियम

  • व्रत का संकल्प लेने के बाद ही पूजा आरंभ करें।
  • सुबह और शाम यानी दोनों समय शिव जी की पूजा करें।
  • व्रत के दौरान मन के साथ-साथ तन को भी शुद्ध रखें।
  • व्रती को दोपहर के समय सोने से बचना चाहिए।
  • व्रत वाले दिन अपनी क्षमता के अनुसार किसी न किसी शुभ चीज का दान जरूर करें।
  • व्रत वाले दिन काले रंग की जगह लाल, सफेद, केसरिया, हरे या पीले कलर के कपड़े पहनें।
  • शुभ मुहूर्त में ही व्रत का पारण करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सावन में पड़ रहे हैं 4 सोमवार, जानें व्रत की तिथियां, शुभ मुहूर्त और अचूक उपाय

सावन का पहला सोमवार 2026 में कब है?

पंचांग की गणना के अनुसार, साल 2026 में 30 जुलाई से सावन का आरंभ हुआ है, जो 28 अगस्त तक रहेगा। इस बीच कुल 4 सोमवार पड़ेंगे। पहला सोमवार 3 अगस्त 2026 को है, जिसके बाद दूसरा व्रत 10 अगस्त, तीसरा 17 अगस्त और चौथा व आखिरी उपवास 24 अगस्त 2026 को रखा जाएगा।

Nidhi Jain
निधि जैनauthor

निधि जैन Times Now नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के तौर पर जुड़ी हैं। इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 साल से ज्यादा का अनुभव है। पढ़ने और लिखने के प्रति इनकी रुचि ही इन्हें जर्नलिज्म की ओर लेकर आई। निधि अब तक हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों पर 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article