Swapana Shastra: सपने हमारे अवचेतन मन का आईना होते हैं और हिंदू शास्त्रों में इन्हें भविष्य का संकेत माना गया है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति सपने में खुद का विवाह देखता है तो इसके कई अर्थ होते हैं। स्वप्न शास्त्र, ब्रह्मवैवर्त पुराण, अग्नि पुराण और वशिष्ठ संहिता के अनुसार सपने में विवाह देखने का फल व्यक्ति की मौजूदा वैवाहिक स्थिति पर निर्भर करता है। एक ही सपना किसी के लिए वरदान और किसी के लिए चेतावनी बन जाता है।
अविवाहित के लिए सपने में अपना विवाह देखना
अगर कोई अविवाहित लड़का या लड़की सपने में अपना विवाह देखता है तो यह सबसे शुभ संकेतों में से एक है। स्वप्न शास्त्र के अनुसार ऐसा सपना जल्द ही विवाह होने का स्पष्ट संकेत देता है। यदि सपने में दूल्हा-दुल्हन का चेहरा साफ दिख रहा हो, मंगल गीत बज रहे हों, बारात आई हो, मंडप सजा हो या फूलों की वर्षा हो रही हो तो समझिए विवाह का योग बहुत मजबूत हो चुका है। दुल्हन बहुत सुंदर दिखे तो विवाह धनी और कुलीन घर में होगा। दोनों खुश दिखें तो दांपत्य जीवन सुखमय रहेगा। कई बार तो यह सपना 3-6 महीने के अंदर ही साकार होने की संभावना होती है।
विवाहित व्यक्ति के लिए अपना विवाह देखना
विवाहित स्त्री या पुरुष अगर सपने में दोबारा अपना या किसी और के साथ विवाह करता दिखे तो यह अशुभ माना गया है। स्वप्न शास्त्र में स्पष्ट लिखा है कि ऐसा सपना वैवाहिक जीवन में कलह, अलगाव, विश्वासघात या जीवनसाथी से दूरी का संकेत देता है। कई बार इसका मतलब जीवनसाथी की लंबी बीमारी या स्वास्थ्य में गंभीर समस्या भी होता है। अगर सपने में पहली शादी फिर से हो रही हो और माहौल उदास हो, कोई रो रहा हो या रस्में अधूरी रह जाएं तो रिश्ते में गंभीर संकट आने की चेतावनी है।
सपने के दिखें ये खास चीजें तो अलग होता है अर्थ
सपने में दुल्हन लाल साड़ी में बहुत सुंदर दिखे तो अविवाहित के लिए शुभ विवाह और विवाहित की पत्नी को सुख-समृद्धि मिलने का संकेत है। दूल्हा शेरवानी या पारंपरिक वस्त्र में खुश दिखे तो नौकरी-व्यापार में तरक्की के साथ विवाह का योग बनता है। शादी में बारिश हो जाए तो दांपत्य जीवन सुखी रहेगा। शादी में आग लग जाए, मंडप टूट जाए या कोई रोने लगे तो विवाह में बाधा या रिश्ते में दरार आएगी। शादी हो रही हो लेकिन दूल्हा-दुल्हन गायब हों तो धोखे या विश्वासघात का डर है। किसी मृत व्यक्ति की शादी देखना बहुत अशुभ होता है, यह अपने किसी प्रियजन की तबियत बिगड़ने का संकेत देता है।
सपने का फल कब और कितने दिन में मिलता है
स्वप्न शास्त्र के अनुसार सुबह 4 बजे से सूर्योदय तक का सपना 10 से 15 दिन में फल देता है। रात 12 बजे से 3 बजे तक का सपना एक महीने में साकार होता है। शाम का सपना 6 महीने से एक साल में फल देता है। दोपहर का सपना ज्यादातर खाली चला जाता है, उसका कोई विशेष महत्व नहीं होता है। हालांकि ऐसा होना शत प्रतिशत सत्य नहीं माना गया है।
अशुभ सपना दिखे तो तुरंत करें ये उपाय
अगर विवाहित हैं और बार-बार अपना विवाह सपने में दिख रहा है तो सुबह उठते ही सूर्य को जल चढ़ाएं। शिवलिंग पर दूध-दही चढ़ाएं और ‘ॐ नमः शिवाय’ 108 बार जपें। पति-पत्नी साथ में हनुमान चालीसा पढ़ें। शुक्रवार को सफेद मिठाई का दान करें। माता पार्वती को सिंदूर चढ़ाएं और पति-पत्नी के रिश्ते की मंगल कामना करें। ये उपाय सपने के अशुभ प्रभाव को कम कर देते हैं।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी स्वप्न शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
