अध्यात्म

Meen Sankranti 2023: साल की आखिरी संक्रांति आज, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र, महत्व सबकुछ

  • Authored by: लवीना शर्मा
  • Updated Mar 15, 2023, 08:10 AM IST

Meen Sankranti 2023 Puja Vidhi, Muhurat: हिन्दू धर्म में मीन संक्रांति को बहुत पवित्र माना जाता है। ये हिंदी वर्ष की आखिरी संक्रांति होती है। विशेष रूप से उड़ीसा में इस दिन को बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन सूर्य देव की उपासना की जाती है।

Image

मीन संक्रांति 2023 पूजा विधि और मुहूर्त

Meen Sankranti 2023 Puja Vidhi, Muhurat: हिंदू धर्म में संक्रांति (Sankranti) पर्व का खास महत्व माना जाता है। वैसे तो साल में 12 संक्रांति तिथि पड़ती है लेकिन उनमें से मीन संक्रांति का विशेष महत्व माना गया है। जब सूर्य देव एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं तो संक्रांति मनाई जाती है और जब मीन राशि (Meen Rashi) में प्रवेश करते हैं तो मीन संक्रांति मनाई जाती है। इस बार ये संक्रांति 15 मार्च यानी बुधवार को पड़ रही है। संक्रांति के दिन सूर्य देव की उपासना की जाती है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने का विशेष महत्व माना जाता है।

मीन संक्रांति के दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है। इसलिए इस दिन ब्राह्मणों और जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र, भोजन तथा अन्य उपयोगी वस्तुएं जरूर दान करनी चाहिए। ऐसा करने से जीवन में सुख-शांति आती है।

मीन संक्रांति 2023 मुहूर्त (Meen Sankranti 2023 Muhurat)

मीन संक्रान्ति15 मार्च 2023
मीन संक्रान्ति पुण्य काल06:47 AM से 01:10 PM
अवधि06 घण्टे 23 मिनट्स
मीन संक्रान्ति महा पुण्य काल06:47 AM से 08:46 AM
अवधि02 घण्टे
मीन संक्रान्ति का क्षण06:47 AM

मीन संक्रांति पूजा विधि (Meen Sankranti Puja Vidhi)

धार्मिक मान्यताओं अनुसार मीन संक्रांति के दिन पवित्र नदियों जैसे कि गंगा, यमुना आदि में स्नान करने से सभी पापों से मुक्ति मिल जाती है। इसलिए मीन संक्रांति के दिन सूर्योदय के समय पवित्र नदी में स्नान जरूर करें। यदि आपके आस-पास नदी नहीं है तो घर पर ही नहाने के पानी में थोड़ा सा गंगाजल मिलाकर स्नान कर लें। स्नान करते समय सूर्य देव की प्रार्थना करें। फिर पवित्र बर्तन में शुद्ध जल भरकर सूर्य देव को अर्घ्य दें। संभव हो तो सूर्य देव को तांबे के बर्तन से जल दें। फिर सूर्य देव को घर पर ही फल, फूल, मिष्ठान और अन्य पूजा सामग्री अर्पित करें।

सूर्य देव मंत्र (Surya Dev Mantra)

ॐ ह्रां ह्रीं ह्रौं सः सूर्याय नमः ॥

(Om Hraam Hreem Hraum Sah Suryaya Namah:)

मीन संक्रांति पर न करें ये काम (Meen Sankranti 2023)

मीन संक्रांति के दिन शुभ कार्यों जैसे कि मुंडन, भवन निर्माण, कर्ण छेदन, विवाह, द्विरागमन, गृह प्रवेश, व्यवसाय का आरंभ, संपत्ति की ख़रीद, नामकरण, विद्या आरंभ, उपनयन संस्कार, वास्तु पूजन, व्रत आदि कार्य वर्जित होते हैं।

लवीना शर्मा
लवीना शर्माauthor

धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हूं। पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। 10 साल से मीडिया में काम कर रही हूं। पत्रकारिता में करियर की शुरुआत न्यूज 24 से हुई। इसके बाद तमाम चैनलों में काम किया। जहां स्क्रिप्ट राइटिंग, एडिटिंग और एंकरिंग का अनुभव हासिल हुआ। रफ्तार यहीं नहीं रूकी अब चाह थी कुछ नया करने की जिसके लिए मैंने डिजिटल मीडिया में स्विच किया और मैं जनसत्ता से जुड़ गई। जनसत्ता में मैंने अध्यात्म सेक्शन लीड किया। इसके बाद पत्रिका में सेवाएं दी और अब timesnowhindi.com से जु़ड़ी हूं। यहां भी मैं अध्यात्म सेक्शन में कार्यरत हूं। भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और ज्योतिष शास्त्र में मेरा शुरू से ही लगाव रहा है। मेरी कोशिश रहती है कि मैं ऐसा कंटेट लिखूं जिससे बड़े बुजुर्ग ही नहीं बल्कि आज के युवा भी कनेक्ट कर सकें।

और पढ़ें
End of Article