Karva Chauth 2023 Date (करवा चौथ व्रत कब है): इस साल करवा चौथ व्रत 1 नवंबर को रखा जाएगा। वहीं करवा चौथ व्रत पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 05:36 से 06:54 तक रहेगा। ये व्रत सुहागिन स्त्रियों ही नहीं बल्कि कुंवारी लड़कियों के लिए भी खास होता है। शादीशुदा महिलाएं इस व्रत को पति की लंबी आयु की कामना से रखती हैं तो वहीं कुंवारी कन्याएं अच्छे वर की प्राप्ति के लिए ये उपवास करती हैं। इतना ही नहीं इस व्रत को करने से विवाह में आ रही अड़चनें भी दूर हो जाती हैं। करवा चौथ व्रत की पूजा महिलाएं नए वस्त्र पहनकर करती हैं। जानिए करवा चौथ पर राशि अनुसार आपके लिए कौन सा रंग पहनना होगा शुभ।
Karva Chauth Look 2023
मेष राशि: मेष राशि की महिलाओं को करवा चौथ के दिन लाल या नारंगी रंग की साड़ी या लहंगा पहनना चाहिए। ये रंग आपके लिए बेहद लकी साबित होगा।
वृषभ राशि: इस राशि की महिलाओं को करवा चौथ पर गुलाबी रंग के कपड़े पहनने चाहिए और अपने श्रृंगार में भी ज्यादा से ज्यादा इस रंग का प्रयोग करना चाहिए। इससे आपके जीवन में हमेशा सुख-समृद्धि बनी रहेगी।
मिथुन राशि: मिथुन राशि की महिलाओं को करवा चौथ पर हरे रंग के कपड़े और चूड़ियां जरूर पहननी चाहिए। इससे आपके वैवाहिक जीवन में सदैव खुशियां बनी रहेंगी।
कर्क राशि: कर्क राशि की महिलाओं को करवा चौथ के दिन ऐसे कपड़े पहनने चाहिए जिसमें हल्का-सा सफेद रंग हो या आप चाहें तो किसी भी रंग के कपड़े पहनकर सफेद रंग का रुमाल भी अपने पास रख सकती हैं। दरअसल कर्क राशि के स्वामी चंद्र देव हैं और उन्हें सफेद रंग बेहद प्रिय है। अगर आप सफेद रंग को पसंद नहीं करती हैं तो सिल्वर या मैरून रंग के वस्त्र भी पहन सकती हैं।
सिंह राशि: इस राशि की महिलाओं को करवा चौथ पूजा लाल, नारंगी या सुनहरे रंग के कपड़े पहनकर करनी चाहिए। इससे आपके जीवन में सदैव खुशियां बनी रहेंगी।
कन्या राशि: इस राशि की सुहागिन स्त्रियों को पीले या हरे रंग के कपड़े और चूड़ियां पहनकर करवा चौथ व्रत की पूजा करनी चाहिए।
तुला राशि: इस राशि की महिलाओं को करवा चौथ पर सुनहरे रंग के कपड़े पहनने चाहिए। दरअसल ये रंग तुला राशि के लिए शुभ माना जाता है।
वृश्चिक राशि: इस राशि की महिलाओं को करवा चौथ पर लाल या केसरिया रंग के कपड़े पहनने चाहिए। इससे आपके रिश्ते में मिठास हमेशा बनी रहेगी।
धनु राशि: इस राशि की महिलाओं को करवा चौथ पर पीले या सुनहरे रंग के वस्त्र पहनना शुभ रहेगा।
मकर राशि: इस राशि के स्वामी शनि देव हैं इसलिए मकर राशि की महिलाओं को करवा चौथ पर नीले रंग के कपड़े पहनना शुभ रहेगा। अगर आप नीला रंग पसंद नहीं करती हैं तो आप मैरून रंग के कपड़े पहनें।
कुंभ राशि: कुंभ राशि की महिलाओं को करवा चौथ पर ऐसे रंग के वस्त्र पहनने चाहिए जिसमें हल्का-सा नीला रंग हो।
मीन राशि: मीन राशि की महिलाों को करवा चौथ पर पीले या सुनहरे रंग के कपड़े पहनने चाहिए। इससे शुभ फल की प्राप्ति होगी।
