कार्तिक पूर्णिमा के उपाय
Kartik Purnima Ke Upay: 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन पूजा, व्रत, गंगा स्नान, दीपदान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। ज्योतिषीय दृष्टि से, यह रात्रि चंद्रमा और गुरु की शुभता से परिपूर्ण होती है। ज्योतिषाचार्य सुजीत महाराज के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा की रात्रि में चंद्रमा और गुरु के बीज मंत्र का जाप करें।
मन की एकाग्रता के लिए रात्रि में विशेष ध्यान-पूजा का विधान है। गुरु की शुभता में वृद्धि के लिए विष्णुसहस्रनाम का पाठ भी आवश्यक है। ये उपाय न केवल आध्यात्मिक उन्नति देते हैं, बल्कि जीवन के दुखों को भी दूर करते हैं। आइए, अब जानते हैं प्रत्येक राशि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा को दैहिक, दैविक तथा भौतिक संतापों को दूर करने के सरल उपाय क्या हैं।
मेष राशि वालों के लिए कार्तिक पूर्णिमा पर हनुमान जी की पूजा सर्वोत्तम है। शाम को हनुमान मंदिर में जाकर हनुमान चालीसा का 100 बार पाठ करें। इसके बाद गुड़ का दान किसी जरूरतमंद को करें। विशेष रूप से, अपने वजन के बराबर गेहूं का दान करने से सभी कष्ट दूर हो जाएंगे। यह उपाय मंगल ग्रह की ऊर्जा को संतुलित करेगा, जिससे शारीरिक शक्ति बढ़ेगी, शत्रु पर विजय मिलेगी और आर्थिक बाधाएं समाप्त होंगी।
वृषभ राशि के लोगों को कार्तिक पूर्णिमा पर श्री सूक्त का पाठ अवश्य करना चाहिए। पूजा के बाद चावल तथा चीनी का दान ब्राह्मण या जरूरतमंद को दें। गौशाला जाकर गाय को गुड़ और पालक खिलाएं। यह उपाय शुक्र ग्रह को मजबूत करेगा, जिससे वैवाहिक सुख बढ़ेगा, धन संचय होगा और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं दूर रहेंगी।
मिथुन राशि वालों के लिए विष्णुसहस्रनाम का पाठ कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य उपाय है। पाठ के बाद मूंग की दाल का दान करें। गरीबों में कम्बल का दान करना विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। बुध ग्रह के प्रभाव से बौद्धिक तनाव दूर होगा, संचार कौशल बढ़ेगा और व्यापार में सफलता मिलेगी।
कर्क राशि के लिए शिव उपासना और दुर्गासप्तशती का पाठ कार्तिक पूर्णिमा पर उत्तम है। पाठ समाप्ति पर अपने वजन के बराबर चावल का दान दें। चंद्रमा के प्रभाव से भावनात्मक स्थिरता आएगी, परिवार में सुख बढ़ेगा और रोगों से मुक्ति मिलेगी।
सिंह राशि वालों को श्री आदित्यहृदय स्तोत्र का तीन बार पाठ करना चाहिए। इसके बाद गेहूं और गुड़ का दान करें। सूर्य ग्रह की कृपा से आत्मविश्वास बढ़ेगा, नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी और स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। सुजीत जी महाराज कहते हैं कि यह उपाय सिंह राशि वालों को राजसी वैभव प्रदान करेगा। विष्णुसहस्रनाम पाठ के साथ रात्रि जाप करें, तो शारीरिक कष्ट दूर होंगे।
कन्या राशि के लिए श्री रामरक्षास्तोत्र का पाठ और बुध के बीज मंत्र का जाप कार्तिक पूर्णिमा पर लाभकारी है। कम्बल का दान गरीबों को दें। बुध ग्रह संतुलित होने से बौद्धिक कार्यों में सफलता मिलेगी, स्वास्थ्य सुधरेगा और आर्थिक लाभ होगा।
तुला राशि वालों को श्री गणेश और लक्ष्मी की पूजा करनी चाहिए। गरीबों में ऊनी वस्त्रों का दान करें। शुक्र ग्रह की शुभता से रिश्तों में संतुलन आएगा, धन प्राप्ति होगी और सौंदर्य बढ़ेगा।
वृश्चिक राशि के लिए बजरंगबाण का पाठ और सुंदरकांड का पाठ कार्तिक पूर्णिमा पर शुभ है। अन्न का दान दें। मंगल ग्रह संतुलित होने से शत्रुओं पर विजय मिलेगी, साहस बढ़ेगा और स्वास्थ्य मजबूत होगा।
धनु राशि वालों को श्री रामचरितमानस के अरण्यकांड का पाठ करना चाहिए। धार्मिक पुस्तकों का दान करें। गुरु ग्रह की कृपा से आध्यात्मिक ज्ञान बढ़ेगा, यात्राओं में सफलता मिलेगी और सुख प्राप्त होगा।
मकर राशि के लिए शनि के बीज मंत्र का जाप और सुंदरकांड का पाठ उत्तम है। कम्बल का दान करें। शनि ग्रह शांत होने से करियर में स्थिरता आएगी, कर्ज मुक्ति होगी और स्वास्थ्य सुधरेगा।
कुंभ राशि वालों को हनुमानबाहुक का पाठ करना चाहिए। तिल का दान दें और गरीबों में ऊनी वस्त्र दान करें। शनि-राहु प्रभाव कम होगा, सामाजिक सम्मान बढ़ेगा और स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।
मीन राशि के लिए गुरु और चंद्रमा के बीज मंत्र का जाप मुख्य है। पीपल की 7 परिक्रमा करें और कम्बल का दान दें। गुरु-चंद्र प्रभाव से आध्यात्मिक उन्नति होगी, मानसिक शांति मिलेगी और धन लाभ होगा।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। अध्यात्म (Spirituality News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।