Hanuman Jayanti 2025 Date, Shubh Muhurat And Puja Vidhi: रामभक्त हनुमान को संकटमोचन कहा जाता है। कहते हैं कि हनुमान जी की पूजा करने से हर संकट से मुक्ति मिल जाती है। हनुमान जयंती एक महत्वपूर्ण हिंदू पर्व है, जो भगवान हनुमान के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व को पूरे भारत में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस खास दिन पर बजरंग बली की पूजा-अर्चना की जाती है। अप्रैल में ही हनुमान जंयती का त्योहार आ रहा है। अब ये किस दिन है, ये आप यहां से जान सकते हैं। यहां आपको हनुमान जयंती की डेट के साथ शुभ मुहूर्त और पूजा विधि भी मिल जाएगी।
हनुमान जयंती 2025 की तिथि और शुभ मुहूर्त-
साल 2025 में हनुमान जयंती का त्योहार शनिवार, 12 अप्रैल को मनाया जा रहा है। बात करें इसके शुभ मुहूर्त की तो पंचांग के अनुसार, पूर्णिमा तिथि प्रारंभ: 12 अप्रैल 2025 को प्रातः 3:21 बजे से शुभ मुहूर्त की शुरुआत हो रही है जो पूर्णिमा तिथि 13 अप्रैल 2025 को प्रातः 5:51 बजे समाप्त होगी। भगवान हनुमान के जन्म का समय सूर्योदय के समय माना जाता है, इसलिए सूर्योदय के समय पूजा करना शुभ माना जाता है।
हनुमान जयंती पूजा विधि-
हनुमान जयंती के दिन खास तरीके से पूजा की जाती है। यहां से आप पूजा विधि देख सकते हैं-
- सुबह उठकर सबसे पहले स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। अब पूजा स्थल को साफ करें।
- मंडप स्थापना करने के लिए एक लकड़ी की चौकी पर स्वच्छ पीला कपड़ा बिछाकर उस पर भगवान हनुमान की मूर्ति या चित्र स्थापित करें।
- दीप प्रज्वलन के लिए घी या तेल का दीपक जलाएं।
-. अब भगवान गणेश का स्मरण करके पूजा का संकल्प लें और भगवान हनुमान का आह्वान करें।
- फिर भगवान हनुमान की मूर्ति का पवित्र जल, कच्चे दूध, शहद, घी और दही से अभिषेक करें। इसके बाद मूर्ति को साफ कपड़े से पोंछ लें।
- इसके बाद मूर्ति पर चंदन, इत्र और सिंदूर लगाएं। उन्हें लाल या केसरिया वस्त्र पहनाएं और जनेऊ अर्पित करें।
- भगवान हनुमान को लाल फूल, गुड़, चना और फल अर्पित करें।
- मंत्र जाप और हनुमान चालीसा पाठ का पाठ करें। आप "ॐ हनुमते नमः" मंत्र का जाप कर सकते हैं।
- हनुमान जी की आरती करें और भक्ति गीत गाएं।
- अंत में प्रसाद ग्रहण करें और दूसरों में बांटें।
श्रद्धा और भक्ति के साथ हनुमान जयंती की पूजा करने से भगवान हनुमान की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में शक्ति, साहस एवं समर्पण की भावना बढ़ती है।
