अध्यात्म

Sawan 2023: क्या आप जानते हैं शिव जी को लिंग के रूप में क्यों पूजा जाता है

  • Authored by: लवीना शर्मा
  • Updated Jun 22, 2023, 06:29 PM IST

शिवलिंग भगवान शिव का प्रतीक है। शिवलिंग की पूजा का मतलब है कि शिव की किसी प्रतीक के रूप में पूजा करना। शास्त्रों में भी शिवलिंग की पूजा बेहद फलदायी बतायी गई है। जानिए कैसे हुए शिवलिंग की उत्पत्ति।

Image

Sawan 2023: शिवलिंग पूजा का महत्व

Shivling Puja: हिंदू धर्म में शिवलिंग की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। कहते हैं जो व्यक्ति सच्चे मन से विधि विधान शिवलिंग की पूजा-अर्चना करता है उस पर भोलेनाथ की कृपा सदैव बनी रहती है। शिवलिंग पर दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा इत्यादि चीजें चढ़ाना बेहद शुभ फलदायी माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शिव को लिंग रूप में क्यों पूजा जाता है। चलिए जानते हैं शिवलिंग की पूजा से जुड़ी कुछ खास बातें।

कैसे हुई शिवलिंग की उत्पत्ति

एक बार ब्रह्मा जी और विष्णु भगवान के बीच अपनी-अपनी श्रेष्ठता को लेकर विवाद शुरू हो गया था। ये विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था तब उस स्थान पर अग्नि की ज्वालाओं से लिपटा एक विशाल लिंग आकर स्थापित हो गया। इस लिंग को देख दोनों देवता हैरान रह गए और उसके रहस्य का पता लगाने में जुट गए। लिंग के रहस्य का पता लगाने के लिए भगवान ब्रह्मा उस लिंग के ऊपर की तरफ बढ़े और भगवान विष्णु नीचे की ओर जाने लगे। दोनों देवता को कई हजारों साल लग गए लेकिन उन्हें लिंग का पता न चल सकता तब वो लिंग के पास पहुंचे। लिंग के पास उन्हें ओम स्वर की ध्वनि सुनाई देने लगी। दोनों ने लिंग की पूजा-अर्चना की जिससे शिव जी विशाल लिंग से प्रकट हुए। कहते हैं तब से लिंग रूप में भगवान शिव की आराधना की जाने लगी।

शिवलिंग की उत्पत्ति से जुड़ी दूसरी कथा

पुराणों में शिवलिंग की उत्पत्ति को लेकर एक और कथा प्रचलित है जिसके अनुसार एक बार सभी साधु ध्यान केंद्रित करने के लिए एक ज्योति प्रज्वलित करके पूजा कर रहे थे। लेकिन वो ज्योति तेज हवा की वजह से बार-बार हिल रही थी जिससे ऋषि मुनि ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे थे। उस समय सभी ऋषियों ने शिव जी से आराधना की। महादेव ने उनकी प्रार्थना को सुनते हुए ज्योति के आकार में शिवलिंग की स्थापना कर दी। जिससे उस शिवलिंग को देखकर ऋषि मुनि अपना ध्यान केंद्रित करने में सफल रहे। कहते हैं तभी से शिवलिंग की पूजा का विधान है।

लवीना शर्मा
लवीना शर्माauthor

धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हूं। पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। 10 साल से मीडिया में काम कर रही हूं। पत्रकारिता में करियर की शुरुआत न्यूज 24 से हुई। इसके बाद तमाम चैनलों में काम किया। जहां स्क्रिप्ट राइटिंग, एडिटिंग और एंकरिंग का अनुभव हासिल हुआ। रफ्तार यहीं नहीं रूकी अब चाह थी कुछ नया करने की जिसके लिए मैंने डिजिटल मीडिया में स्विच किया और मैं जनसत्ता से जुड़ गई। जनसत्ता में मैंने अध्यात्म सेक्शन लीड किया। इसके बाद पत्रिका में सेवाएं दी और अब timesnowhindi.com से जु़ड़ी हूं। यहां भी मैं अध्यात्म सेक्शन में कार्यरत हूं। भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और ज्योतिष शास्त्र में मेरा शुरू से ही लगाव रहा है। मेरी कोशिश रहती है कि मैं ऐसा कंटेट लिखूं जिससे बड़े बुजुर्ग ही नहीं बल्कि आज के युवा भी कनेक्ट कर सकें।

और पढ़ें
End of Article