अध्यात्म

नवरात्रि में दुर्गा सप्तशती का पाठ कैसे करें? जानें इसके आसान नियम, जीवन में होगा सुख-समृद्धि का संचार

Chaitra Navratri Durga Saptashati Path: चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च से हो रही है। इन पूरे 9 दिनों में माता दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों का पूजन किया जाएगा। नवरात्रि में दुर्गा सप्तशती पाठ का विशेष महत्व होता है। आइए कालका पीठ मंदिर के महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत से जानते हैं कि नवरात्रि में दुर्गा सप्तशती पाठ की विधि और इसके फायदे।

Image

दुर्गा सप्तशती पाठ

Chaitra Navratri Durga Saptashati Path: चैत्र नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा की उपासना के लिए सबसे पवित्र माने जाते हैं। इन दिनों में दुर्गा सप्तशती का पाठ विशेष फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि इसका पाठ करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और साधक को मां भगवती की असीम कृपा प्राप्त होती है। नवरात्रि के दौरान नवचंडी, शतचंडी और सहस्त्र चंडी जैसे यज्ञों का आयोजन भी किया जाता है, जिनमें दुर्गा सप्तशती के अनेक पाठ किए जाते हैं। आइए कालका पीठ मंदिर के महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत से जानते हैं कि नवरात्रि में दुर्गा सप्तशती पाठ की विधि और इसके फायदे।

दुर्गा सप्तशती पाठ करने की सही विधि क्या है

दुर्गा सप्तशती का पाठ श्रद्धा के साथ-साथ सही विधि और नियमों के साथ करना अत्यंत आवश्यक माना गया है। महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत के अनुसार, पुस्तक को हाथ में पकड़कर नहीं, बल्कि चौकी या रेहल पर स्थापित करके पाठ करना चाहिए। इसके साथ ही पाठ की शुरुआत से पहले कवच, कीलक और अर्गला स्तोत्र का उच्चारण अनिवार्य माना गया है, साथ ही तीनों रहस्यों का पाठ भी करना चाहिए। इन सभी विधियों के बाद ही मुख्य सप्तशती का पाठ प्रारंभ करना उचित होता है। मान्यता है कि यदि इन नियमों का पालन न किया जाए, तो पाठ अधूरा रह जाता है और उसका पूर्ण फल प्राप्त नहीं होता।

कम समय में कैसे करें दुर्गा सप्तशती का पाठ

महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत के अनुसार, आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी के लिए दुर्गा सप्तशती का पूरा पाठ करना संभव नहीं होता। ऐसे में आप केवल रात्रि सूक्त (पहला अध्याय) और देवी सूक्त (पांचवां अध्याय) का पाठ कर सकते हैं। इन दोनों सूक्तों का पाठ करने से भी मां दुर्गा की कृपा प्राप्त की जा सकती है। यह उन लोगों के लिए सरल और प्रभावी उपाय है, जो समय की कमी से जूझ रहे हैं।

क्या हिंदी में दुर्गा सप्तशती का पाठ करना सही है?

महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत के अनुसार दुर्गा सप्तशती का पाठ मूल संस्कृत में ही करना चाहिए। हालांकि जो लोग स्वयं पाठ नहीं कर सकते हैं, वे विद्वानों द्वारा किए गए पाठ को सुनकर भी पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे लोगों को चाहिए कि वह पाठ को कराए और करें और उसका श्रवण करें।

दुर्गा सप्तशती पाठ का महत्व

दुर्गा सप्तशती हिंदू धर्म का एक अत्यंत पवित्र और शक्तिशाली ग्रंथ है, जिसे मार्कंडेय पुराण का हिस्सा माना जाता है। इसमें 700 श्लोक हैं जिनके माध्यम से मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों और उनकी दैवी शक्तियों का वर्णन किया गया है। यह ग्रंथ मुख्य रूप से तीन भागों—प्रथम, मध्यम और उत्तर चरित्र में विभाजित है। इसमें देवी के असुरों पर विजय की कथाएं शामिल हैं। नवरात्रि के दौरान इसका पाठ विशेष फलदायी माना जाता है। यह पाठ साधक को भय, बाधाओं और नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति दिलाकर शक्ति, साहस और सफलता प्रदान करता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख कालका पीठ मंदिर के महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित है। यह उनके व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इस जानकारी की पुष्टि नहीं करता है।

Dr Rama Solanki
डॉ रमा सोलंकीauthor

डॉ. रमा सोलंकी टीवी और डिजिटल मीडिया में 17 वर्षों से अधिक अनुभव रखने वाली वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ महत्वपूर्ण भूमिकाओं में कार्य किया है। वह प्रभावशाली स्टोरीटेलिंग और डिजिटल इनोवेशन के संयोजन के लिए जानी जाती हैं। वह एक्सक्लूसिव इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट्री और ऑडियंस-सेंट्रिक कंटेंट के निर्माण में विशेष दक्षता रखती हैं। डॉ. सोलंकी शासन, जवाबदेही और जनहित से जुड़े राजनीतिक व खोजी कार्यक्रमों के निर्माण और एंकरिंग के लिए भी पहचान रखती हैं। आध्यात्मिक कंटेंट प्रोडक्शन में विशेषज्ञता रखते हुए उन्होंने लोकप्रिय टीवी और डिजिटल सीरीज का निर्माण व निर्देशन किया है, जिन्हें दर्शकों से व्यापक सराहना मिली। डिजिटल मीडिया में पीएचडी धारक डॉ. रमा सोलंकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कथाओं को आधुनिक प्रस्तुति और समकालीन संदर्भों से जोड़ने के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article