Sawan Shivratri 2022 Date, Time, Puja Muhurat, Sawan Shivratri Date Kab Hai in Hindi: भोलेनाथ को समर्पित सावन का महीना बेहद शुभ माना गया है। इस माह में पड़ने वाली शिवरात्रि तिथि का भी विशेष महत्व है। सावन माह की शिवरात्रि तिथि पर विधि अनुसार भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की जाती है। मान्यताओं के अनुसार, सावन शिवरात्रि पर जो भक्त सच्चे मन से भगवान शिव एवं शिव परिवार की पूजा करता है उसके सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। इसके साथ यह भी कहा जाता है कि सावन शिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा करने से भक्तों की सभी इच्छाएं पूरी हो जाती हैं। आप भी भगवान शिव की आराधना करना चाहते हैं तो यहां जानें वर्ष 2022 में सावन शिवरात्रि कब है तथा इस दिन पूजा के लिए शुभ मुहूर्त कब रहेगा।
सावन शिवरात्रि की तिथि एवं पूजा मुहूर्त
सावन शिवरात्रि तिथि: 26 जुलाई 2022
चतुर्दशी तिथि प्रारंभ: 26 जुलाई 2022 शाम 6:45
चतुर्दशी तिथि समापन: 27 जुलाई 2022 रात 9:10
सावन शिवरात्रि पर बन रहा है बेहद शुभ संयोग
सावन मास की शिवरात्रि पर बेहद शुभ संयोग बन रहा है। चतुर्दशी तिथि पर सावन मास की शिवरात्रि पड़ने के साथ इस दिन मंगलवार भी है। सावन महीने के हर मंगलवार तिथि को माता मंगला गौरी की पूजा की जाती है। ऐसे में चतुर्दशी तिथि पर सावन शिवरात्रि और मंगला गौरी व्रत पड़ने की वजह से यह तिथि बेहद विशेष मानी जा रही है।
सावन शिवरात्रि पर कब रहेगा पूजा के लिए शुभ मुहूर्त?
वर्ष 2022 में सावन शिवरात्रि 26 जुलाई को है। इस दिन शाम 7:24 से रात 9:28 तक पूजा के लिए बेहद शुभ मुहूर्त बन रहा है। इस मुहूर्त में भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय की पूजा करना भक्तों के लिए लाभदायक रहेगा। पूजा के दौरान भगवान शिव का जलाभिषेक अवश्य करें। वैसे 26 और 27 जुलाई दोनों ही दिन आप भगवान शिव का अभिषेक कर सकते हैं।

