Mohini Ekadashi 2022: मोहिनी एकादशी में बन रहा शुभ संयोग, व्रत और पूजा के दौरान करें इन नियमों का पालन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 11, 2022, 06:31 AM IST

Mohini Ekadashi 2022 Vrat: गुरुवार,12 मई को मोहिनी एकादशी का व्रत रखा जाएगा। एकादशी के दिन भगवान विष्णु की विधिवत पूजा की जाती है। इस दिन राजयोग के समान दुर्लभ संयोग भी बन रहा है। इस योग में पूजा करना फलदायी होगा।

Mohini Ekadashi 2022: मोहिनी एकादशी में बन रहा शुभ संयोग, व्रत और पूजा के दौरान करें इन नियमों का पालन

Mohini Ekadashi 2022 Vrat Puja Muhurat: वैशाख माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मोहिनी एकादशी का व्रत रखा जाता है। वैशाख शुक्ल की एकादशी के दिन ही भगवान विष्णु ने सुंदर स्त्री मोहिनी का रूप धारण किया था। इसलिए इसे मोहिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। एकादशी का व्रत व पूजन भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस बार मोहिनी एकादशी का व्रत गुरुवार, 12 मई 2022 को रखा जाएगा। एकादशी का व्रत बहुत फलदायी होता है। इस व्रत को करने से व्यक्ति की सारी मनोकामनाएं पूरी होती है और उसके पापों का नाश होता है। लेकिन मोहिनी एकादशी व्रत का संपूर्ण फल प्राप्त करने के लिए व्रत व पूजा के दौरान कुछ नियमों का पालन करना जरूरी होता है। जानते हैं मोहिनी एकादशी व्रत के पूजन, शुभ मुहूर्त और नियम के बारे में।

मोहिनी एकादशी के व्रत और पूजा के दौरान इन नियमों का करें पालन

  • एकादशी करने वाले व्रती को एक दिन पहले से ही नियमों का पालन करना पड़ता है। दशमी तिथि से ही मांसाहार भोजन, लहसुन, प्याज और मसूर\ की दाल का सेवन नहीं करना चाहिए।
  • एकादशी के दिन घर पर झाड़ू नहीं लगाएं। क्योंकि झाड़ू लगाने के दौरान चींटी या अन्य सूक्ष्म जीवों की मृत्यु को सकती है। इसलिए इस दिन आप झाड़ू ना लगाएं। एक दिन पहले घर की सफाई कर लें और एकादशी के दिन गंगाजल छिड़कर घर की शुद्धि कर लें।
  • एकादशी के दिन घर पर चावल और बैंगन की तरकारी भी नहीं बनाना चाहिए।
  • एकादशी के दूसरे दिन यानी द्वादशी के दिन अपने सामर्थ्य के अनुसार दान-दक्षिणा जरूर करें और इसरे बाद व्रत का पारण करें। इस दिन दान देना शुभ होता है और और इसका कई गुणा फल प्राप्त होता है।
  • मोहिनी एकादशी पर भगवान विष्णु को पूजा में तुलसी पत्ता जरूर चढ़ाएं। लेकिन इस बात का विशेष ध्यान रखें कि इस दिन तुलसी पत्ता ना तोड़े। आप एक दिन पहले से ही तुलसी पत्ता तोड़कर रख सकते हैं।

मोहिनी एकादशी पर बन रहा विशेष योग

ज्योतिष के अनुसार इस साल मोहिनी एकादशी पर यानी 12 मई को चंद्रमा का कन्या राशि में गोचर होगा, शनि का कुंभ राशि में और बृहस्पति मीन राशि होंगे। इसके साथ ही दो अन्य ग्रह अपनी स्वराशि में ही होंगे। इन ग्रहों का उत्तम संयोग बन रहा है, जोकि राजयोग के समान फल देने वाला है। इसके साथ ही इस बार मोहिनी एकादशी गुरुवार के दिन पड़ रही है। यह दिन भगवान विष्णु को प्रिय है और उनकी पूजा के लिए गुरुवार का दिन समर्पित होता है। इसलिए इस साल मोहिना एकादशी का व्रत व पूजन करने से भगवान विष्णु का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होगा।

(डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्‍स नाउ नवभारत इसकी पुष्‍ट‍ि नहीं करता है।)

End of Article