Goddess Statues In The Home: घर के मंदिर में रखी ऐसी मूर्तियां तुरंत हटा दें, वरना मिलेगा अशुभ फल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 5, 2022, 12:33 PM IST

Vastu Tips About God And Goddess Statues: हिंदू धर्म में देवी देवताओं की मूर्ति रखने का प्रचलन है। इनका विशेष महत्व होता है, लेकिन घर में कभी भी देवी देवताओं की खंडित मूर्ति नहीं रखनी चाहिए। इससे घर में अशांति फैलती है।

Goddess Statues In The Home: घर के मंदिर में रखी ऐसी मूर्तियां तुरंत हटा दें, वरना मिलेगा अशुभ फल
Photo Credit: Instagram

Vastu Tips About God: हिंदू धर्म में घर में देवी देवताओं की मूर्ति रखने की परंपरा है। घर में मूर्ति रखकर देवी देवताओं को पूजा जाता है। उनकी पूजा आराधना की जाती है। वास्तु के अनुसार, मूर्तियां बहुत ही संवेदनशील मानी जाती हैं। इनकी पूजा भी काफी विधि विधान से करनी चाहिए। घर में रखी देवी देवताओं की मूर्ति से एक पॉजिटिव एनर्जी आती है, लेकिन कुछ तस्वीरें व मूर्ति ऐसी होती हैं जो घर में नेगेटिविटी लाती हैं। दरअसल वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में कहीं भी खंडित मूर्ति या चित्र का होना अशुभ माना जाता है। ऐसी मूर्तियों से या चित्रों से घर में आपसी झगड़े होते हैं। जीवन में विफलता का सामना करना पड़ता है। आइए जानते हैं घर में कैसी तस्वीरें व मूर्ति रखनी चाहिए और कैसी नहीं रखनी चाहिए।

टूटी व खंडित मूर्ति न रखें

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में दरार पड़ी हुई मूर्ति या मूर्ति का कुछ हिस्सा टूटा हुआ हो तो ऐसी दूषित व खंडित मूर्ति को घर में कभी नहीं रखना चाहिए। ऐसी मूर्तियों को या तो किसी पवित्र नदी में प्रवाहित कर देना चाहिए या आस-पास के पीपल के पेड़ के नीचे रख देना चाहिए, क्योंकि घर में भगवान की दूषित मूर्तियां रखने से वास्तु दोष लगता है। इसके साथ ही घर में नकारात्मकता बनी रहती है। मूर्ति ही नहीं बल्कि घर में खंडित दीपक या शंख भी रखना अशुभ माना जाता है।

युद्ध करने की मुद्रा वाली तस्वीर या मूर्ती न रखें

ऐसा भी माना जाता है कि घर में भगवान की ऐसी मूर्ति या तस्वीर भी नहीं रखनी चाहिए जिसमें भगवान या देवी देवता युद्ध करने की मुद्रा या फिर वध करने की मुद्रा में हों। वास्तु शास्त्र के मुताबिक, ऐसी तस्वीरें व मूर्ति घर में अशांति बढ़ाती है और मां लक्ष्मी का भी घर में वास नहीं होता है। इन मूर्तियों से घर में परिवार के सदस्यों में ही आपसी झगड़ा होता है।

रौद्र या उदास रूप वाली तस्वीरें भी न रखें

इसके अलावा ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, घर में भगवान की ऐसी मूर्ति या चित्र भी नहीं रखना चाहिए जिसमें भगवान का रौद्र या उदास रूप देखने को मिले। इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती हैं। यह अशुभ भी माना जाता है। परिवार के सदस्यों को आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ता है।

जोड़ी वाली मूर्ती जरूर रखें
 
घर में हमेशा मूर्ती की जोड़ी जरूर होनी चाहिए। जैसे शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, गणेश-लक्ष्मी, राम-सीता लक्ष्मण जैसी मूर्ति घर में रखना शुभ माना जाता है। इसके साथ ही मूर्ति ऐसी हो जिसमें देवी देवता मुस्कुराते हुए दिखें। इसे घर में वैभव, सुख शांति व लक्ष्मी का वास होता है।

(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।) 

End of Article