TV NewsRoom Stories

दिल्ली के प्रगति मैदान में छाएगा राजस्थान: IITF-2025 का ‘पार्टनर स्टेट’ बना मरुधर प्रदेश

दिल्ली के प्रगति मैदान में 14 से 27 नवम्बर तक होने वाले अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2025) में राजस्थान को ‘पार्टनर स्टेट’ का दर्जा मिला है। राजस्थान मंडप में राज्य की कला, संस्कृति, पर्यटन, उद्योग और नवाचार की झलक देश-दुनिया के सामने पेश की जाएगी, जो “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करेगी।

Image

फाइल फोटो (canva)

इस साल का अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF-2025) राजस्थान की रंगत में रंगा नजर आएगा। 14 से 27 नवम्बर तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में होने वाले इस मेले में राजस्थान को “पार्टनर स्टेट” का दर्जा मिला है। यह मौका होगा देश-दुनिया को राजस्थान की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, पर्यटन और औद्योगिक प्रगति से रूबरू कराने का।

राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड (RSIC) करीब एक हजार वर्गमीटर क्षेत्र में एक भव्य राजस्थान मंडप तैयार कर रहा है, जो राज्य की जीवंत परंपराओं और आधुनिक विकास यात्रा को साथ-साथ दिखाएगा। यहां आगंतुकों को लाइव शिल्प प्रदर्शन, “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” वॉल, और सतत औद्योगिक विकास पर केंद्रित प्रदर्शनी देखने को मिलेगी।

राजस्थान के उद्योग प्रमुख सचिव और राजसिको के अध्यक्ष आलोक गुप्ता ने बताया कि इस बार मेला उद्योग, पर्यटन, खादी, राजीविका और रूडा जैसे विभागों की भागीदारी से और अधिक समृद्ध होगा। साथ ही, आगंतुकों के लिए पारंपरिक व्यंजन और हस्तशिल्प के खास स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

मेले की थीम “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के अनुरूप, राजस्थान और असम का सांस्कृतिक व व्यापारिक एकीकरण एक खास पहल होगी। इससे दोनों राज्यों के बीच कला, संस्कृति और निवेश के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे।

यह पहल राज्य के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए न सिर्फ एक बड़ा मंच बनेगी, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का भी सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। राजस्थान मंडप इस बार केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि “उड़ान” का प्रतीक बनने जा रहा है परंपरा से तकनीक तक की।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!