Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में व्यापारियों और स्थानीय लोगों से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। CM Mohan Yadav ने कहा कि राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामले पर पूरी गंभीरता से नजर रख रही है और सभी संबंधित विषयों को सुप्रीम कोर्ट के सामने मजबूती से रखा जा रहा है। सरकार को कोशिश है कि व्यापारियों की समस्या का स्थायी और बेहतर समाधान निकाला जा सके।
4 सितंबर को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पर्व और त्योहारों के बीच सरकार अपनी सभी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि भोपाल से जुड़े सभी कठिनाइयों और विषयों को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष गंभीरता से रखा जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के मार्गदर्शन के अनुरूप जो भी बेहतर निर्णय संभव होगा, सरकार उसके लिए प्रतिबद्ध है।
समस्याओं का स्थायी समाधान करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में व्यापारियों और स्थानीय निवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी पक्षों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्षों से चली आ रही समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में सरकार हर संभव कोशिश करेगी।
प्रमुख तीर्थस्थल बनेगा जानापाव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि वह जानापाव जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, धार्मिक मान्यता के अनुसार महर्षि परशुराम ने यहीं भगवान श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र प्रदान किया था। इस धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए सरकार जानापाव को प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में विकसित करेगी।
देवस्थलों के विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवस्थलों के विकास से मध्य प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। उन्होंने श्री महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए कहा कि इसके निर्माण के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब राज्य के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटन बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हों और संबंधित क्षेत्रों का समग्र विकास हो सके।
