आज नए साल का दिन यानी 1 जनवरी है। इस मौके को खास बनाने के लिए लोग कई तरह की परंपराओं को निभाते हैं। आज हम दुनिया भर में अलग-अलग तरीके से न्यू ईयर मनाने की परंपराओं के बारे में जानेंगे।
स्पेन में न्यू ईयर की रात 12 सेकंड में 12 अंगूर खाए जाते हैं। माना जाता है कि हर अंगूर आने वाले 12 महीनों में खुशियां लाता है। लोग ऐसा अपनी खुशकिस्मती के लिए करते हैं।
जापान में मंदिरों की घंटियां 108 बार बजाई जाती हैं, ताकि इंसान की 108 बुरी इच्छाएं खत्म हों और नया साल शुद्ध मन से शुरू हो। ऐसा करके लोग अपने नए साल की शुरुआत को पवित्र बनाने का काम करते हैं।
डेनमार्क में लोग दोस्तों और रिश्तेदारों के घर के दरवाजे पर प्लेटें फोड़ते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि वहां के लोगों का मानना है कि जिसके दरवाजे पर जितनी ज्यादा प्लेटें तोड़ो, उनसे उतनी ही मजबूत दोस्ती रहती है।
ब्राजील में लोग समुद्र किनारे सफेद कपड़े पहनते हैं और अपनी खुशकिस्मती के लिए समुद्र की लहरों पर फूल चढ़ाते हैं। यहां के लोग नए साल पर लाल या पीले रंग को सौभाग्य का प्रतीक मानते हैं।
कुछ यूरोपीय देशों में लोग न्यू ईयर पर कुर्सी से कूदकर नए साल में कदम रखते हैं, ताकि बुरी किस्मत पीछे छूट जाए। डेनमार्क और जर्मनी में अधिकतर लोग इस परंपरा को निभाते हैं।
स्कॉटलैंड में न्यू ईयर को होगमने (Hogmanay) कहते हैं। वहां पहला मेहमान (First Foot) घर की किस्मत तय करता है। यहां के लोग अपने पहले मेहमान को भगवान की नजर से देखते हैं।
फिलीपींस में लोग गोल आकार के कपड़े पहनते हैं और सिक्के इकट्ठा करते हैं, जिससे पूरे साल पैसे की कमी न हो। रूस के कुछ हिस्सों में लोग बर्फीले पानी में डुबकी लगाकर नए साल का स्वागत करते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी की हार्बर ब्रिज फायरवर्क्स दुनिया की सबसे मशहूर न्यू ईयर आतिशबाजी में शामिल है। कुछ देशों में लोग प्यार और अच्छी किस्मत के लिए न्यू ईयर पर लाल अंडरवियर पहनते हैं।