ये बात तो हम सबको पता है कि दुनिया की सबसे लंबी दीवार 'चीन की महान दीवार' (The Great Wall Of China) को कहा जाता है।
यह दीवार अपनी लंबाई के साथ-साथ अपने इतिहास के लिए भी पूरी दुनिया में मशहूर है। हर साल लाखों-करोड़ों पर्यटक इस दीवार की खूबसूरती को देखने के लिए आते हैं।
चीन की इतनी लंबी दीवार को देख क्या आपने मन में कभी यह सवाल आया कि आखिर ये दीवार कहां से शुरू होती है और कहां पर खत्म होती है?
बता दें कि, दीवार की शुरुआत हेबेई प्रांत के शांहाईगुआन से होती है और यह लाओलोंगतु (Laolongtou) या ओल्ड ड्रैगन हेड नाम की जगह पर खत्म होती है। यह जगह किनहुआंग्दाओ शहर में है, जहां दीवार बोहाई सागर (Bohai Gulf) में मिल जाती है।
दीवार के अंत होने वाली जगह का नाम ओल्ड ड्रैगन हेड इसलिए पड़ा क्योंकि दीवार का आखिरी हिस्सा समुद्र में इस तरह जाता है जैसे कोई ड्रैगन अपना मुंह पानी में डुबो रहा हो। यह नजारा वाकई देखने लायक होता है। इसे देखने के लिए हर रोज बड़ी तदाद में लोग पहुंचते हैं।
मालूम हो कि चीन की दीवार का निर्माण सबसे पहले लगभग 2,700 साल पहले, यानी 290 ईसा पूर्व, चुनकिउ काल में शुरू हुआ था। शुरुआत में यह दुश्मनों से बचाव के लिए बनाई गई थी।
जैसे-जैसे समय बीता वैसे-वैसे इस दीवार को कई बार तोड़ा गया और फिर दोबारा उसे बनाया गया। पहले तो दीवार को लकड़ी और पत्थरों से बनाया गया था लेकिन बाद में यह दीवार ईंटों से मजबूत की गई। पूरी दीवार को मिलाकर इसकी लंबाई 21,196 किलोमीटर है।