जमीन पर यात्रा करने के लिए सड़कें बनाई गई हैं और आपके सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए सड़कों पर कई तरह के इंडिकेटर लाइट्स और साइन बोर्ड्स लगाए जाते हैं।
अगर आपने कभी गौर किया हो तो क्या आपका ध्यान कभी सड़कों पर लगे इन छोटे-छोटे लाइट्स पर गया है? आपने देखा होगा कि सड़कों के किनारे या बीच में ये छोटे-छोटे लाइट्स लगाए गए होते हैं।
अधिकतर ये छोटे-छोटे लाइट्स किसी मेन रोड या फिर हाईवे पर लगाए जाते है। ऐसे में क्या आपको पता है कि इन छोटे-छोटे चमकते हुए लाइट्स को क्या कहते हैं और इन्हें क्यों लगाया जाता है। अगर आपको यह नहीं पता तो आज जान लें।
असल में सड़क के बीच या किनारों पर लगे छोटे-छोटे चमकते हुए ये लाइट्स रोड स्टड्स (Road Studs) कहलाते हैं। ये रोड स्टड्स छोटे, मजबूत और चमकदार होते हैं। जो सड़क पर बनी लाइन के ऊपर लगाए जाते हैं।
अब आपको इन लाइट्स का काम बता देते हैं। दरअसल, इनका काम ड्राइवर को रास्ता साफ-साफ दिखाना होता है, खासकर रात, कोहरे या बारिश के समय। जब भी किसी गाड़ी की हेडलाइट उन पर पड़ती है, तो वे चमकने लगते हैं।
रोड स्टड्स में खास तरह की रिफ्लेक्टिव शीट या लेंस लगा होता है। जब गाड़ी की लाइट उस पर पड़ती है, तो रोशनी वापस ड्राइवर की आंखों तक पहुंचती है। इससे सड़क की लाइन और मोड़ साफ नजर आते हैं। कुछ आधुनिक रोड स्टड्स में छोटी LED लाइट और सोलर पैनल भी लगे होते हैं, जो दिन में चार्ज होकर रात में अपने आप ही जलते हैं।
इन रोड स्टड्स के होने से सड़क हादसों का खतरा कम होता है। वाहन चालक को लेन बदलने में मदद मिलती है। साथ ही मोड़ और खतरनाक जगह पहले से ही दिख जाती है और यदि कोहरे में रास्ता नहीं दिखता तो उस वक्त ये रोड स्टड्स बहुत काम के निकलते हैं।