देश

बाबा रामदेव पर टिप्पणी से जुड़ा मानहानि केस, दिग्विजय सिंह 14 साल पुराने मामले में बरी, जानिए क्या था पूरा विवाद

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को बाबा रामदेव पर की गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े 14 साल पुराने मानहानि के मामले में बिहार की हाजीपुर अदालत ने बरी कर दिया है।

Image

14 साल पुराने मामले में दिग्विजय सिंह को बड़ी राहत (फाइल फोटो)

Photo : PTI

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को न्यायपालिका से एक बड़ी राहत मिली है। योग गुरु बाबा रामदेव पर की गई कथित विवादित टिप्पणी से जुड़े 14 साल पुराने एक मानहानि के मामले में बिहार के हाजीपुर की एक स्थानीय अदालत ने उन्हें पूरी तरह से बरी कर दिया है।

यह फैसला दीवानी मामलों की अदालत के अवर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने मामले की अंतिम सुनवाई पूरी होने के बाद सुनाया। अदालत ने साक्ष्यों और तथ्यों पर गौर करने के बाद दिग्विजय सिंह को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया। सुनवाई के दौरान दिग्विजय सिंह स्वयं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत की कार्यवाही में शामिल हुए थे।

पीटीआई भाषा के मुताबिक दिग्विजय सिंह के अधिवक्ता युवराज सुनील सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला साल 2012 का है। उस समय हाजीपुर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता प्रो. अजीत कुमार सिंह ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा नेता का आरोप था कि दिग्विजय सिंह ने बाबा रामदेव को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई थीं।

इस शिकायत के आधार पर हाजीपुर कोर्ट में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू की गई थी। अधिवक्ता के अनुसार, इस केस की लंबी सुनवाई के दौरान करीब 12 साल पहले दिग्विजय सिंह व्यक्तिगत रूप से हाजीपुर अदालत में पेश हुए थे और अपना बयान दर्ज कराया था। उस समय वह सांसद थे और यह हाई-प्रोफाइल मामला मीडिया और राजनीतिक गलियारों में काफी सुर्खियों में रहा था। आखिरकार, अब 14 वर्षों के लंबे कानूनी सफर के बाद अदालत ने उन्हें इस केस में क्लीन चिट दे दी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article