दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी कैनवास पेंटिंग का रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। इसके अनुसार, दुनिया की सबसे बड़ी कैनवस पेंटिंग नाइजीरिया में बनी है।
इस पेंटिंग को एक 14 साल के लड़के ने बनाया था, जिसका नाम है कान्येयाचुक्वू ताग्बो-ओके (Kanyeyachukwu Tagbo-Okeke). सबसे बड़ी बात इस पेंटिंग को तैयार करने वाला कोई जाना-माना पेंटर नहीं बल्कि एक बीमारी से ग्रसित लड़का है।
बता दें कि दुनिया की सबसे बड़ी पेंटिंग का साइज 12,381.02 वर्ग मीटर है। मतलब करीब 133,268 वर्ग फुट। इस साइज के आगे फुटबॉल के दो-दो मैदान भी छोटे पड़ जाएंगे।
इस पेंटिंग का नाम "Impossibility is a Myth" है। जिसे ऑटिज्म के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बनाया गया था। इस पेंटिंग की एक और खास बात है और वह ये कि इसे बनाने वाला लड़का खुद ऑटिज्म से पीड़ित है।
लड़के ने इस पेंटिंग को बनाकर पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि आज के समय में कुछ भी असंभव नहीं है। पहले ये रिकॉर्ड ईरान के एमाद सालेही के नाम था। उनकी पेंटिंग 9,652 वर्ग मीटर की थी। मगर कान्येयाचुक्वू ने उससे भी बड़ी पेंटिंग बनाकर यह रिकॉर्ड तोड़ दिया।
कान्येयाचुक्वू ने यह पेंटिंग 24 नवंबर 2024 को पूरी कर ली थी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने इस पेंटिंग को 2 अप्रैल 2025 को वेरिफाई किया था। 2 अप्रैल को वर्ल्ड ऑटिज्म डे मनाया जाता है। उसी अवसर पर इस पेंटिंग को गिनीज बुक के पन्नों में जगह मिली।
इस पेंटिंग के बीच में इनफिनिटी (∞) का साइन बना हुआ है। जो बताता है कि ऑटिज्म वाले बच्चों में भी बहुत ताकत और टैलेंट होता है। इस रिकॉर्ड को एक कैंपेन के तहत बनाया गया था। जिसका नाम था "Fabulous, Autistic and Talented" यानी "शानदार, ऑटिस्टिक और टैलेंटेड"। इस कैंपेन को Zeebah Foundation नाम की संस्था ने सपोर्ट किया था।