शहर

Bhopal News: 3 साल से तैयार इस 'घोस्ट स्टेशन' पर कल से शुरू होगी चहल-पहल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का एक रेलवे स्टेशन पिछले तीन साल से तैयार है और अब तक भूतिया स्टेशन की पहचान बना चुका है। आखिर यह स्टेशन अब यात्रियों के लिए खुलने जा रहा है। स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका उद्घाटन करेंगे।

Image

घोस्ट स्टेशन पर अब शुरू होगी यात्रियों की चलह-पहल

Bhopal News: मध्य प्रदेश टूरिज्म का वो विज्ञापन तो आपको याद ही होगा - 'एमपी अजब है, सबसे गजब है!' मध्य प्रदेश सच में अजब-गजब है। लगभग तीन साल से तैयार रेलवे स्टेशन कब भूतिया या घोस्ट स्टेशन हो गया किसी को पता ही नहीं चला। यहां से आज तक कोई ट्रेन नहीं चली। न यहां कोई यात्री ट्रेन से उतरा और न ही कोई यात्री ट्रेन में चढ़ा। ऐसे में स्टेशन को भूतिया तो होना ही था। खैर राजधानी भोपाल के जिस निशातपुरा रेलवे स्टेशन को स्थानीय लोग भूतिया या घोस्ट स्टेशन कहने लगे ते, अब वह आम नागरिकों के लिए खुलने जा रहा है। मतलब अब यहां ट्रेन रुकेगी, यात्री ट्रेन से उतरेंगे और चढ़ेंगे भी। कुल मिलाकर इंसानों की आवाजाही होगी तो इसका भूतिया टैग भी खत्म हो जाएगा।

लगभग तीन साल तक तैयार होने के बावजूद बंद पड़े इस स्टेशन का कल यानी मंगलवार 28 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Dr Mohan Yadav) शाम 4:30 बजे उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही स्टेशन से नियमित तौर पर रेल परिचालन भी शुरू हो जाएगा।

ये ट्रेनें रुकेंगी 'भूतिया' स्टेशन पर

भोपाल रेल मंडल ने बताया कि स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस सहित प्रमुख ट्रेनों का ठहराव तय कर दिया गया है। इससे आसपास के इलाकों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा और भोपाल जंक्शन पर यात्रियों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।

जून 2023 से बन बनकर तैयार है स्टेशन

बता दें कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण जून 2023 में पूरा हो गया था, लेकिन परिचालन संबंधी मंजूरी और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में देरी के चलते इसे शुरू नहीं किया जा सका। इस दौरान स्टेशन पर न तो रेलवे कर्मचारी तैनात थे और न ही कोई ट्रेन रुकती थी। सुनसान पड़े स्टेशन की यही स्थिति धीरे-धीरे इसे स्थानीय लोगों के बीच 'घोस्ट स्टेशन' की पहचान दिलाने लगी।

सभी तैयारियां पूरी

भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि स्टेशन पूरी तरह तैयार है और यात्रियों के स्वागत के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन और रेलवे ने संयुक्त रूप से ट्रेनों के रुकने और संचालन की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।

भोपाल जंक्शन पर यात्री दबाव कम होगा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने से भोपाल शहर के उत्तरी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्हें अब भोपाल जंक्शन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय की बचत होगी और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। यह कदम भविष्य में भोपाल रेल नेटवर्क पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!