दुनिया के अलग-अलग देशों में पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए कई तरह के वाहन इस्तेमाल करती है। कहीं तेज रफ्तार कारें होती हैं, कहीं मोटरसाइकिल और कहीं हेलीकॉप्टर भी, लेकिन क्या आपने कभी ऐसी पुलिस के बारे में सुना है, जो जीप छोड़कर भैंस पर बैठकर गश्त करती हो?
शायद ही ऐसी पुलिस के बारे में आपने कभी सुना होगा। खैर अगर आपको अब तक इस तरह की पुलिस के बारे में कोई जानकारी नहीं तो आज जान लीजिए कि दुनिया की यह अनोखी पुलिस कहां की है और ये भैंसों पर सवार होकर ही गश्त क्यों करती है?
आपको बता दें कि ब्राजील के मराजो आइलैंड (Marajo Island) की पुलिस पेट्रोलिंग के लिए भैंसों का इस्तेमाल करती है। यहां पुलिस के जवान जंगलों और दलदली इलाकों में पेट्रोलिंग के लिए भैंस का इस्तेमाल करते हैं। इसी वजह से यहां की पुलिस पूरी दुनिया में अपने इस अनोखे कार्यप्रणाली के लिए मशहूर है।
बताते चलें कि मराजो आइलैंड दुनिया के सबसे बड़े नदी द्वीपों में से एक है। यहां बड़ी संख्या में दलदल, नदियां और घने जंगल हैं। कई जगहों पर सड़कें नहीं हैं या फिर इतनी खराब हैं कि जीप और बाइक नहीं चल सकती। ऐसे में पुलिस के लिए भैंस सबसे भरोसेमंद साथी हैं, जो उन्हें इन क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की सुविधा देती हैं।
भैंस आसानी से कीचड़, पानी और दलदली रास्तों को पार कर लेती है। इसी वजह से पुलिस जवान अपराधियों का पीछा करने, गांवों तक पहुंचने और गश्त करने के लिए भैंस का इस्तेमाल करते हैं।
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इस आइलैंड पर भैंसों की संख्या भी बहुत ज्यादा है। यहां भैंस सिर्फ पुलिस के लिए ही नहीं, बल्कि आम लोगों की जिंदगी का भी अहम हिस्सा है। कई लोग रोजमर्रा के काम, खेती और एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए भी भैंस का सहारा लेते हैं।
हालांकि हमारे और आपके लिए यह तरीका थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन इस इलाके के लिए यह सबसे कारगर व्यवस्था मानी जाती है। भैंस उन रास्तों पर भी आसानी से चलती है, जहां आधुनिक वाहन फंस जाते हैं।