शहर

मध्य प्रदेश सरकार देगी बेस्ट डिजिटल क्रिएटर्स को अवॉर्ड, CM मोहन यादव का बड़ा एलान

इंदौर में आयोजित मध्य प्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल्द ही 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' शुरू करने की घोषणा की है। इस अवॉर्ड के माध्यम से सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अच्छा और सकारात्मक काम करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।

Image

सीएम मोहन यादव ने किया डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड का ऐलान

सोशल मीडिया पर वीडियो, रील्स और कंटेंट बनाने वाले युवाओं के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने एक बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान किया है कि राज्य सरकार अब बेहतरीन काम करने वाले डिजिटल इंफ्ल्यूएंसर्स और क्रिएटर्स को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' देगी।

यह घोषणा 11 जुलाई को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'मध्य प्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026' के दौरान की गई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्यभर से आए डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्ल्यूएंसर्स के साथ सीधा संवाद किया।

सीएम ने युवाओं के काम को सराहा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कॉन्क्लेव के दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक सोच और सामाजिक मुद्दों पर काम करने वाले युवाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल मनोरंजन के लिए कंटेंट नहीं बना रहा, बल्कि वह अपने विचारों से समाज को एक नई दिशा दे रहा है और लोगों को आपस में जोड़ रहा है। सीएम ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया समाज को जागरूक करने का सबसे असरदार जरिया बन चुका है। युवा जिम्मेदार कंटेंट के माध्यम से समाज में बड़ा और रचनात्मक बदलाव ला रहे हैं।

क्यों शुरू किया जा रहा है यह अवॉर्ड?

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में नई सोच, क्रिएटिविटी और जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। इसी सोच के साथ 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' को शुरू किया जा रहा है। इस अवॉर्ड से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट को बढ़ावा मिलेगा।

कॉन्क्लेव में शामिल हुए कई क्रिएटर्स

इस कॉन्क्लेव में इंदौर, उज्जैन, धार और मालवा-निमाड़ क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से कई डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्ल्यूएंसर्स शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और सरकार की इस पहल का स्वागत किया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article