अभी तक पीएम किसान की 21 किस्त आ चुकी है और अब करीब 9 करोड़ किसानों को 22वीं किस्त का इंतजार है। आपको याद दिला दें कि पीएम किसान की 21वीं किस्त नवंबर 2025 में आई थी और अब 22वीं किस्त का समय हो गया है। पहले कहा जा रहा था कि बजट 2026 के बाद किसानों के खाते में पीएम किसान की 22वीं किस्त आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर 22वीं किस्त में इतनी देरी क्यों हो रही है?
पीएम किसान की 22वीं किस्त में देरी की फिलहाल दो वजहें दिख रही हैं, जिनमें से एक तो फार्मर आईडी है। सरकार की ओर से साफ तौर पर कहा गया है कि पीएम किसान या किसानी से संबंधित किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी या किसान पहचान पत्र बनवाना अनिवार्य है।
फार्मर आईडी के लिए ब्लॉक से लेकर जिला और पंचायत स्तर तक पर बकायदा कैंप लगाए जा रहे हैं, लेकिन यह काम अभी तक पूरा नहीं हुआ। अभी तक फार्मर आईडी बनवाने की कोई अंतिम तारीख भी सामने नहीं आई है जिसके कारण किसान इसे लेकर गंभीर नहीं हैं और सरकार इसके बिना पैसे जारी नहीं करेगी।
दूसरी वजह यह है कि कई लाख किसान अवैध तरीके से पीएम किसान योजना का लाभ ले रहे थे। एक जमीन पर कई अलग-अलग किसानों को इस योजना का लाभ मिल रहा था और अब सरकार इसमें छंटनी कर रही है। कई राज्यों में कई लाख किसानों की किस्त पर रोक लगाई गई है। अकेले यूपी में 19 लाख किसानों की पीएम किसान की 22वीं किस्त पर रोक लगाई गई है।
इन दो प्रमुख वजहों के अलावा तीसरी वजह केवाईसी का ना होना है। गांव के किसानों के लिए पीएम किसान योजना का केवाईसी करना भी एक मु्श्किल काम है, क्योंकि अधिकतर किसान सीएससी या कॉमन सर्विस सेंटर के भरोसे हैं और वहां काफी भीड़ है।
इन तीनों वजहों के कारण ही पीएम किसान की 22वीं किस्त में देरी हो रही हैं, हालांकि केवल फार्मर आईडी बनवाने का काम भी पूरा जाए तो सरकार पैसे जारी कर देगी। कुछ किसानों के पैसे इस बार अटक भी सकते हैं, लेकिन परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जिनके 22वीं किस्त के पैसे अटकेंगे, उन्हें वो पैसे पीएम किसान की 23वीं किस्त में जोड़कर मिल जाएंगे।
पीएम किसान की 22वीं किस्त को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है लेकिन उम्मीद की जा रही है कि अब होली के बाद ही किसानों के खाते में पैसे आएंगे। आमतौर पर चार महीने के बाद एक किस्त आती है और मार्च 2026 में चार महीने पूरे हो रहे हैं तो अगले महीने की 22वीं किस्त के आने की संभावना है।