भारत अपनी आजादी के 80वें साल का जश्न मनाने की तैयारियों में जुटा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के कोने-कोने में रहने वाले नागरिकों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है। उन्होंने इस अभियान को सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि 'विकसित भारत' के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने का एक बड़ा जरिया बताया है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा न केवल हमारी आन, बाण और शान का प्रतीक है, बल्कि देश के लिए हर दिन कुछ बेहतर करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस वर्ष का 'हर घर तिरंगा' अभियान और भी ऐतिहासिक हो जाता है, क्योंकि यह हमारे राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ के पावन अवसर के साथ मनाया जा रहा है।
वंदे मातरम् का सुर और तिरंगे की शान
संस्कृति मंत्रालय ने भी देशवासियों को इस राष्ट्रव्यापी उत्सव से जोड़ने के लिए खास तैयारियां की हैं। मंत्रालय के अनुसार, पिछले डेढ़ सौ सालों से 'वंदे मातरम्' का जयघोष हर भारतीय की आत्मा को जगाता आया है। इस बार 15 अगस्त के अवसर पर यही ऊर्जा देश की हर गली, मोहल्ले और घर-घर में दिखाई देगी।
अभियान के तहत तिरंगा रैलियां, संगीतमय कार्यक्रम (कॉन्सर्ट्स), साइकल और बाइक रैलियां तथा प्रमुख इमारतों पर तिरंगी लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और harghartiranga.com पर अपनी सेल्फी जरूर अपलोड करें।
2022 से शुरू हुआ था सिलसिला
साल 2022 में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत शुरू हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक का राष्ट्रीय ध्वज के साथ एक व्यक्तिगत और भावनात्मक रिश्ता जोड़ना है। इसके साथ ही यह उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। देश के विभिन्न राज्यों जैसे उत्तराखंड, सिक्किम और मणिपुर में अभी से तिरंगा यात्राओं का सिलसिला शुरू हो चुका है और पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगने के लिए पूरी तरह तैयार है।
