12 को जारी आदेश के अनुसार, गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए यह पास 1 अप्रैल से 3000 रुपये की जगह 3075 रुपये में मिलेगा। यह पास कार, जीप और वैन जैसे निजी वाहनों के लिए लागू होता है और नियमित टोल भुगतान से राहत देने के उद्देश्य से शुरू किया गया था।
FASTag एनुअल पास की शुरुआत 15 अगस्त 2025 को की गई थी, ताकि लोगों को अधिक टोल शुल्क से राहत मिल सके और आवागमन को आसान बनाया जा सके। इस योजना के तहत जिस व्यक्ति के पास गैर-व्यावसायिक वाहन और सक्रिय FASTag है, वह इस पास के लिए पात्र होता है।
सरकार के अनुसार एनुअल पास की कीमत में यह बढ़ोतरी नेशनल हाईवे फी (निर्धारण और संग्रह) संशोधन नियम, 2025 के तहत की गई है। इन नियमों के अनुसार एनुअल पास की राशि में हर साल संशोधन किया जाएगा।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल देशभर में 50 लाख से ज्यादा नेशनल हाईवे उपयोगकर्ता FASTag एनुअल पास का इस्तेमाल कर रहे हैं। नेशनल हाईवे नेटवर्क पर कार से होने वाले कुल लेनदेन में लगभग 28 प्रतिशत ट्रांजैक्शन अब इसी एनुअल पास के जरिए किए जा रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार 2016 में FASTag की शुरुआत से अब तक करीब 11.86 करोड़ FASTag जारी किए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 5.9 करोड़ FASTag सक्रिय हैं और नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर इलेक्ट्रॉनिक टोल भुगतान के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं। वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्गों पर 98 प्रतिशत से अधिक टोल शुल्क FASTag के माध्यम से ही वसूला जा रहा है।
मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर स्थित बिजवासन फी प्लाजा पर FASTag एनुअल पास का सबसे ज्यादा उपयोग होता है, जहां लगभग 57 प्रतिशत कार क्रॉसिंग इसी पास के जरिए होती हैं।
इसके बाद दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II पर स्थित मुंडका टोल प्लाजा का स्थान है, जहां करीब 53 प्रतिशत गैर-व्यावसायिक वाहन एनुअल पास का उपयोग करते हैं। इसी तरह दिल्ली के पास सोनीपत-बवाना हाईवे (NH-334P) पर स्थित झिंझोली फी प्लाजा पर भी लगभग 53 प्रतिशत वाहन इसी पास से गुजरते हैं।
FASTag एनुअल पास देशभर के लगभग 1150 नेशनल हाईवे और नेशनल एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर मान्य है। हालांकि राज्य सरकारों या स्थानीय निकायों द्वारा संचालित एक्सप्रेसवे और स्टेट हाईवे के टोल प्लाजा पर यह सामान्य FASTag की तरह ही काम करेगा और वहां निर्धारित टोल शुल्क देना होगा।
यह पास लेना अनिवार्य नहीं है। जिन उपयोगकर्ताओं के पास एनुअल पास नहीं है, उनके लिए मौजूदा FASTag सिस्टम पहले की तरह ही चलता रहेगा।
जब एनुअल पास की 200 यात्राएं पूरी हो जाती हैं या सक्रिय होने की तारीख से एक साल पूरा हो जाता है, तो यह अपने आप सामान्य FASTag में बदल जाता है। हालांकि 200 ट्रिप पूरी होने के बाद, भले ही एक साल की अवधि बाकी हो, उपयोगकर्ता चाहें तो दोबारा एनुअल पास खरीद सकते हैं।