चीन का शानवेई चिड़ियाघर जिसे मेड इन चाइना जू के नाम से जाना जाता है टूरिस्ट की फेवरेट डेस्टिनेशन में से एक है। यहां पर काफी यात्री घूमने जाते हैं। इस चिड़ियाघर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर्यटक ये जानकर दंग रह गए कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें दिखाया जाने वाला 'पांडा' भालू की तरह रंगे हुए कुत्ते थे।
चिड़ियाघर में पर्यटक बड़े ही आराम और सुखदायक अंदाज में यात्रा करते हुए पांडा को देखने का लुत्फ उठा रहे थे लेकिन, 'पांडा' में से एक ने हांफना और भौंकना शुरू कर दिया, जिससे लोगों में शक पैदा हो गया।
इस घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद शानवेई चिड़ियाघर की जमकर आलोचना हो रही है। रिपोर्टों के अनुसार, चिड़ियाघर द्वारा कुत्तों को पांडा बताने की कोशिश करने का उनका ये आइडिया उनके लिए मुसीबत की घंटी बजा रहा है।
शुरू में जब ये घटना सामने आई तो शानवेई चिड़ियाघर के अधिकारियों ने यह दावा करने की कोशिश की कि जानवर वास्तव में 'पांडा कुत्तों' की नस्ल के हैं। हालांकि, लोगों ने इस तर्क को नहीं माना, और उनका आक्रोश और बढ़ गया।
लोगों के आक्रोश प्रकट करने और स्पष्टीकरण की मांग करने के कारण चिड़ियाघर को अंततः स्वीकार करना पड़ा कि उन्होंने पांडा की तरह दिखने वाले दूसरे जानवर को प्रदर्शनी में रखा। अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने आगंतुकों को लुभाने के लिए ऐसा किया था।
जैसा की होना था इस घटना के बाद चिड़ियाघर घूमने आए पर्यटक काफी ज्यादा नाराज थे और उन्होंने चिड़ियाघर पर झूठे विज्ञापन का आरोप लगाया और रिफंड की मांग की।