बीच के बारे में सोचते ही सबसे पहला ख्याल मन में गोवा का आता है। समुद्र तट पर एन्जॉय करने के लिए ज्यादातर पर्यटक गोवा का ही रुख करते हैं ऐसे में अगर आप गोवा जाकर बोर हो गए हों तो फिर इस बार अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का रुख कर सकते हैं।
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के हैवलॉक द्वीप (स्वराज द्वीप) पर स्थित राधानगर बीच एशिया के सबसे सुंदर समुद्र तटों में से एक माना जाता है। सफेद रेत और नीले पानी के लिए ये बीच फेमस है।
पर्यटकों के राधानगर बीच स्वर्ग से कम नहीं है। स्विमिंग, स्नॉर्कलिंग, और सर्फिंग जैसी एक्टिविटी यहां पर आप कर सकते हैं। विश्राम के साथ-साथ शांति के लिए भी ये जगह बेस्ट है।
आपको ये जानकर हैरानी होगी कि राधानगर बीच भारत का ही नहीं बल्कि एशिया का सबसे अच्छा समुद्र तट है। साल 2004 में इसे एशिया के सबसे अच्छे समुद्र तटों के रुप में पहचान मिली थी।
धूप सेंकना, तैरना, और समुद्र तट पर टहलना कुछ अन्य गतिविधियां हैं जो पर्यटक यहां पर कर सकते हैं। सूर्यास्त का मनमोहक नजारा देखने के लिए भी पर्यटक यहां आते हैं।
अंडमान और निकोबार का मुख्य एयरपोर्ट पोर्ट ब्लेयर का वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इसका निकटतम एयरपोर्ट है। एयरपोर्ट से समुद्री मार्ग (फेरी) का उपयोग करके आप स्वराज द्वीप पहुंचे जहां से तकरीबन 12 किलोमीटर की दूरी पर राधानगर बीच मौजूद है।