दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की तरफ से थके हुए यात्रियों के लिए एक बहुत शानदार पहल की शुरुआत की गई है। नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन के अंदर डीएमआरसी की तरफ से एक पॉड होटल खोल गया है।
येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के व्यस्त इंटरचेंज पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास यह पॉड स्थित है। आरामदायक रिट्रीट ट्रांजिट यात्रियों को आराम करने, रिचार्ज करने और शहर की नॉन-स्टॉप हलचल से बचने का मौका देने के लिए बनाया गया है।
यात्रियों के लिए 3,000 वर्ग मीटर में फैली इस सुविधा में छोटे स्लीपिंग पॉड के अलावा कई कमर्शियल कमरे भी होंगे। लंबे समय तक रुकने वाले या अपनी यात्रा जारी रखने से पहले थोड़ा आराम करने वाले यात्री इन पॉड का मजा ले सकते हैं।
इसका लक्ष्य डीएमआरसी के गैर-किराया राजस्व को बढ़ाना और यात्री सुविधाओं में सुधार करना है। इसके अलावा मालवीय नगर, पंजाबी बाग, आजादपुर और फरीदाबाद समेत कई मेट्रो स्टेशनों को रिटेल आउटलेट और फूड कोर्ट की सुविधा वाले वाणिज्यिक केंद्रों में भी बदला जा रहा है।
पॉड होटल के खुलने से नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन एक ऐसी जगह में बदल जाएगा जहां यात्री रुक सकते हैं, आराम कर सकते हैं और फिर अपनी यात्रा को और अधिक आसानी से जारी रख सकते हैं।