अगर आप नेपाल घूमने का प्लान कर रहे हैं तो सिर्फ कुछ चुनिंदा जगहें ही घूमकर वापस मत लौट आइएगा। नेपाल में एक ऐसी जगह छिपी है जो रोमांटिक कहानी के कारण पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। नेपाल की यात्रा में यह स्थल आपके ट्रिप को और भी यादगार बना सकता है।
नेपाल के पाल्पा जिले के रानीघाट इलाके में बेहद खूबसूरत चार मंजिला महल-रानी महल स्थित है। रानी महल को अक्सर ताजमहल की तरह ही नेपाल का ताजमहल कहा जाता है। चारों तरफ जंगल, सामने बहती नदी और आसपास की पहाड़ियों का नजारा इसे और भी स्पेशल बनाता है।
रानी महल को सिर्फ इसकी खूबसूरती की वजह से ही ताजमहल नहीं कहा जाता बल्कि इसकी कहानी भी काफी दिलचस्प है। जैसे ताजमहल एक पत्नी की याद में बनाया गया था, वैसे ही यह महल भी प्यार की निशानी है।
रानी महल की कहानी ताजमहल से काफी मिलती-जुलती है। नेपाल के जनरल खड्गा शमशेर राणा ने इसका निर्माण पत्नी तेज कुमारी देवी की याद में 1893 में करवाया था। कहा जाता है कि रानी महल को बनाने में उस समय करीब 35 करोड़ नेपाली रुपये खर्च हुए थे, जो उस दौर में बहुत बड़ी राशि मानी जाती थी।
महल देखने के अलावा कई मजेदार चीजें भी आप यहां कर सकते हैं। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय महल के सामने बहती काली गंडकी नदी का नजारा बहुत ही खूबसूरत लगता है। रास्ते में श्रीनगर हिल से हिमालय के सुंदर नजारे देखें। रानी बन में नेचर वॉक करें, तानसेन बाजार में शॉपिंग करें और आसपास के मंदिर में जाएं।
खुलने का समय: प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक (पीक सीजन में समय बढ़ाया जाता है)। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 500 नेपाली रुपए है।
सड़क मार्ग से यहां पहुंचना बेहद मजेदार और आसान है। एडवेंचर पसंद है और ट्रेकिंग के शौकीन हैं तो फिर तानसेन से यहां तक 2 से 4 घंटे की ट्रेकिंग करके आप पहुंच सकते हैं। तानसेन से लगभग 13 किलोमीटर दूर रानी महल स्थित है।