भारत दुनिया के सबसे बड़े मोबाइल बाजारों में से एक बन चुका है। तेजी से बढ़ते इंटरनेट उपयोग और सस्ते डेटा प्लान्स की वजह से देश में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बहुत कम लोग जानते हैं कि भारत के किस राज्य में सबसे ज्यादा मोबाइल उपभोक्ता हैं और इस सूची में बिहार किस स्थान पर आता है।
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के अप्रैल 2024 के आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या 1,16,69,57,820 से अधिक हो चुकी है। यह आंकड़ा दिखाता है कि मोबाइल फोन अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। गांवों से लेकर शहरों तक स्मार्टफोन और इंटरनेट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है।
मोबाइल यूजर्स के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। यहां कुल 10 करोड़ 23 लाख 33 हजार 748 मोबाइल उपभोक्ता हैं। राज्य की बड़ी आबादी और तेजी से बढ़ती डिजिटल पहुंच इसकी सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है। उत्तर प्रदेश के बाद बिहार दूसरे नंबर पर है।
बिहार में मोबाइल यूजर्स की संख्या 9 करोड़ 59 लाख 47 हजार 474 दर्ज की गई है। यह आंकड़ा दिखाता है कि राज्य में डिजिटल सेवाओं और मोबाइल इंटरनेट का उपयोग तेजी से बढ़ा है। बिहार ने मोबाइल उपभोक्ताओं के मामले में महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य को भी पीछे छोड़ दिया है।
मोबाइल यूजर्स की सूची में महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर है, जहां 9 करोड़ 30 लाख से ज्यादा मोबाइल उपभोक्ता हैं। इसके बाद आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात और पश्चिम बंगाल का नंबर आता है।
TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में 8.37 करोड़, मध्य प्रदेश में 7.98 करोड़, तमिलनाडु में 7.84 करोड़, कर्नाटक में 6.72 करोड़, राजस्थान में 6.64 करोड़, गुजरात में 6.55 करोड़ और पश्चिम बंगाल में करीब 5.79 करोड़ मोबाइल यूजर्स हैं।
उत्तर प्रदेश- 102333748, बिहार- 95947474,महाराष्ट्र- 93089515,, आंध्र प्रदेश- 83756135, मध्य प्रदेश- 79857571, तमिलनाडु- 78430629, कर्नाटक- 67224159, राजस्थान- 66488139, गुजरात- 65526439, पश्चिम बंगाल- 57995281
देशभर में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, ऑनलाइन भुगतान, सोशल मीडिया और सस्ते इंटरनेट की वजह से मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। आने वाले वर्षों में यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।