शहर

Ahmedabad News: मनपसंद जिमखाना में हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे पर SMC की बड़ी कार्रवाई, 187 गिरफ्तार; मनी ट्रेल की जांच शुरू

अहमदाबाद के दरियापुर स्थित एक कथित हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे पर स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 187 लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान लाखों रुपये की नकदी, दर्जनों वाहन और बड़ी संख्या में मोबाइल फोन जब्त किए गए, जबकि पूरे ऑपरेशन की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की।

Image

मामले में 187 लोग हुए गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ahmedabad News: स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) ने दरियापुर स्थित मनपसंद जिमखाना में चल रहे कथित हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान करीब 3.30 लाख रुपये नकद, 29 वाहन और 176 मोबाइल फोन जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान SMC के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें DIG और SP भी शामिल थे, मौके पर मौजूद रहे।

रविवार होने के कारण क्लब में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पुलिस ने कार्रवाई पूरी होने तक सभी को परिसर में ही रोके रखा और बाद में कानूनी प्रक्रिया शुरू की। SMC के DIG विशाल वाघेला ने बताया कि स्टेट मॉनिटरिंग सेल को दरियापुर क्षेत्र में मनपसंद जिमखाना में बड़े पैमाने पर जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद SMC की पांच टीमों ने समन्वित तरीके से छापेमारी की, जिसमें जुआ खेल रहे और खिला रहे 187 लोगों को पकड़ा गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिमखाना की पहली और दूसरी मंजिल पर कई बोर्ड टेबल लगाकर जुआ खेलाया जाता था। यहां आने वाले खिलाड़ियों से पहले उनकी खेलने की राशि नकद जमा कराई जाती थी और बदले में उन्हें एक रसीद दी जाती थी। इसके बाद संबंधित टेबल पर मौजूद राइटर उस राशि को एक प्रिंटेड शीट में दर्ज करता था और खिलाड़ी खेल शुरू करता था। पुलिस के अनुसार, यह पूरी व्यवस्था नकदी के सीधे लेनदेन की दृश्यता कम करने और संचालन को व्यवस्थित दिखाने के लिए अपनाई गई थी।

जांच में गोविंद उर्फ गामा खोडीदासभाई पटेल को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, वह अपने परिचित लोगों को अलग-अलग टेबल किराये पर देता था। ये लोग अपने ग्राहकों को बुलाते थे और अपने-अपने राइटर बैठाकर पूरे खेल का संचालन करते थे। DIG विशाल वाघेला ने कहा कि अब जांच का फोकस इस पूरे नेटवर्क की मनी ट्रेल पर है। पुलिस यह पता लगाएगी कि खिलाड़ियों से जमा की गई रकम का अंतिम हिसाब कैसे किया जाता था, भुगतान केवल नकद में होता था या अन्य माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाता था, और इस अवैध कारोबार से किसे कितना आर्थिक लाभ मिल रहा था। पुलिस का कहना है कि पंचनामा, एफआईआर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि मजबूत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article