अब टेलीकॉम सेक्टर में ग्राहकों को राहत देने के लिए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने एक अहम कदम उठाया है। मंगलवार को जारी ड्राफ्ट संशोधन में TRAI ने प्रस्ताव रखा है कि टेलीकॉम कंपनियों को सभी वैलिडिटी पीरियड में केवल वॉइस कॉल और SMS वाले प्लान उपलब्ध कराने होंगे।
TRAI ने 7 अप्रैल 2026 को जारी नोट में बताया कि यह ड्राफ्ट “टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वां संशोधन) रेगुलेशन, 2026” के तहत लाया गया है। इसका मकसद उन खामियों को दूर करना है, जिनकी वजह से बाजार में सिर्फ कॉलिंग और SMS वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) बहुत कम उपलब्ध हैं।
इससे पहले 2024 में लाए गए बारहवें संशोधन के तहत कंपनियों को कम से कम एक Voice और SMS-only STV देना अनिवार्य किया गया था, लेकिन TRAI के अनुसार, मौजूदा समय में ऐसे प्लान्स की संख्या बहुत सीमित है, जिससे कई यूजर्स को परेशानी हो रही है।
नए प्रस्ताव के मुताबिक जितने भी STV प्लान्स वॉइस, SMS और डेटा के साथ उपलब्ध हैं, उसी वैलिडिटी के लिए कंपनियों को Voice और SMS-only विकल्प भी देना होगा। इसके अलावा इन प्लान्स की कीमत डेटा प्लान्स से कम होगी, क्योंकि इनमें डेटा शामिल नहीं होगा यानी सीधे तौर पर सिर्फ कॉलिंग वाले प्लान मिलेंगे।
यह कदम खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा जो बुजुर्ग यूजर्स हैं जिन्हें सिर्फ इनकमिंग और कॉल करने से मतलब है। इसके अलावा फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग भी हैं। साथ ही वे ग्राहक भी खुश होंगे जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं होती।
TRAI ने इस ड्राफ्ट को पब्लिक कंसल्टेशन के लिए अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। सभी स्टेकहोल्डर्स 28 अप्रैल 2026 तक अपने सुझाव और टिप्पणियां भेज सकते हैं।
अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो ग्राहकों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और उन्हें सिर्फ जरूरी सेवाओं के लिए कम कीमत पर प्लान्स मिल सकेंगे।