ऑटो न्यूज़

Nissan Tekton vs Renault Duster: एक ही कीमत पर कौन-सी SUV है ज्यादा दमदार

निसान ने अपने भारतीय ग्राहकों के लिए नई मिड-साइज SUV Nissan Tekton लॉन्च की है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि यह एसयूवी Renault Duster से कितनी अलग है।

Image

Nissan Tekton vs Renault Duster कौन-सी एसयूवी ज्यादा दमदार

निसान ने भारतीय बाजार में अपनी नई मिड-साइज SUV Nissan Tekton को हाल ही में लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये रखी गई है, जो Renault Duster के बराबर ही है। दोनों एसयूवी एक ही प्लेटफॉर्म और कई मैकेनिकल पार्ट्स शेयर करती हैं, लेकिन डिजाइन, इंटीरियर और कुछ फीचर्स के मामले में इनमें अंतर भी देखने को मिलता है। अगर आप नई मिड-साइज SUV खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो Nissan Tekton और Renault Duster में कौन-सी SUV इस मामले में बेहतर साबित हो सकती है, आइए जानते हैं-

डिजाइन में दोनों का अलग अंदाज

Nissan Tekton का डिजाइन कंपनी की फ्लैगशिप SUV Nissan Patrol से इंस्पायर्ड है। इसमें ग्लॉसी ब्लैक ग्रिल, रेड एक्सेंट स्ट्रिप, L-शेप LED DRLs और बोनट पर बड़ा TEKTON बैज दिया गया है, जिससे यह काफी प्रीमियम नजर आती है। वहीं, Renault Duster का डिजाइन ज्यादा रग्ड और ऑफ-रोडिंग स्टाइल वाला है। इसमें एक्सक्लूसिव ग्रिल, आइब्रो-शेप LED DRLs, मोटी बॉडी क्लैडिंग और मजबूत स्किड प्लेट्स दी गई हैं, जो इसे दमदार लुक देती हैं।

दोनों SUVs में 18-इंच अलॉय व्हील्स और कनेक्टेड LED टेललाइट्स मिलती हैं। आकार की बात करें तो Tekton की लंबाई 4,348 मिमी है, जबकि Duster इसकी तुलना में 27 मिमी अधिक ऊंची है।

इंजन और परफॉर्मेंस

इंजन के मामले में दोनों SUVs लगभग एक जैसी हैं। इनमें दो टर्बो-पेट्रोल इंजन विकल्प मिलते हैं। 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, जो 100hp की पावर और 166Nm का टॉर्क देता है। दूसरा, 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, जो 163hp की पावर और 280Nm का टॉर्क जनरेट करता है। 1.0-लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है, जबकि 1.3-लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड DCT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प उपलब्ध है।

हालांकि, Renault Duster को इस साल दिवाली के आसपास 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन विकल्प भी मिलने वाला है। फिलहाल Nissan Tekton में हाइब्रिड पावरट्रेन उपलब्ध नहीं है।

फीचर्स में कौन आगे?

दोनों SUVs फीचर्स के मामले में काफी प्रीमियम हैं। इनमें 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड और 6-वे एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि, इंटीरियर थीम दोनों की अलग है। Tekton में बरगंडी और रोज़ गोल्ड थीम मिलती है, जबकि Duster में ब्लैक और ग्रीन थीम दी गई है। इसके अलावा, Renault Duster में 48-कलर एम्बिएंट लाइटिंग मिलती है, जबकि Tekton में स्टैंडर्ड एम्बिएंट लाइटिंग दी गई है।

सेफ्टी में दोनों बराबर

सुरक्षा के मामले में दोनों SUV काफी मजबूत हैं। इनमें लेवल-2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा और 6 एयरबैग जैसे आधुनिक सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं। सबसे खास बात यह है कि Nissan Tekton और Renault Duster दोनों को Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है।

कीमत में कितना अंतर?

दोनों SUV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये है। हालांकि, टॉप वेरिएंट की बात करें तो Nissan Tekton की कीमत 18.59 लाख रुपये तक जाती है, जबकि Renault Duster का टॉप वेरिएंट 18.49 लाख रुपये में उपलब्ध है। यानी Tekton का टॉप मॉडल Duster से केवल 10,000 रुपये महंगा है।

कौन-सी SUV खरीदना बेहतर रहेगा?

अगर आप प्रीमियम डिजाइन, अलग इंटीरियर और Nissan की नई स्टाइलिंग पसंद करते हैं, तो Nissan Tekton बेहतर विकल्प हो सकती है। वहीं, अगर आप भविष्य में हाइब्रिड टेक्नोलॉजी चाहते हैं और ज्यादा ऑफ-रोडिंग लुक पसंद करते हैं, तो Renault Duster आपके लिए बेहतर साबित हो सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article