फेसबुक की नीतियों के अनुसार किसी व्यक्ति, समुदाय या किसी जगह के खिलाफ हिंसा भड़काने वाले बयान पोस्ट करना प्रतिबंधित है।
किसी को धमकी देना, पैसे या उपहार मांगना, किसी खास हथियार का जिक्र करना या हथियार खरीदने-बेचने से जुड़ी पोस्ट करना भी नियमों का उल्लंघन माना जाता है। ऐसे कंटेंट पाए जाने पर फेसबुक कार्रवाई कर सकता है।
फेसबुक पर आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करने या उनका प्रचार करने वाली सामग्री सख्ती से प्रतिबंधित है। नफरत फैलाने, सामूहिक हिंसा, मानव तस्करी या संगठित अपराध से जुड़े समूहों या नेताओं का समर्थन करने वाले पोस्ट भी हटाए जा सकते हैं। यदि किसी पेज या अकाउंट के खिलाफ शिकायत मिलती है तो फेसबुक उसे ब्लॉक भी कर सकता है।
फेसबुक पर कुछ सामानों की खरीद-बिक्री की अनुमति नहीं है। गैर-चिकित्सीय दवाओं, फार्मास्यूटिकल दवाओं या नशीले पदार्थों का व्यापार करना नियमों के खिलाफ है। इसके अलावा बंदूक, उसके हिस्सों या गोला-बारूद से जुड़ी खरीद-फरोख्त या आदान-प्रदान से संबंधित पोस्ट भी प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंधित हैं।
फेसबुक ऐसी सामग्री को भी हटाता है जो हिंसक अपराध, चोरी या धोखाधड़ी को बढ़ावा देती हो। इसके अलावा अवैध शिकार, लुप्तप्राय जानवरों के अंगों की बिक्री, पशुओं की लड़ाई आयोजित करना, गुंडागर्दी या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों से जुड़े अकाउंट पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
फेसबुक उन पोस्ट पर भी नजर रखता है जिनसे किसी व्यक्ति, व्यवसाय या जानवर को नुकसान पहुंचने की संभावना हो। ऐसे कंटेंट मिलने पर प्लेटफॉर्म सख्त कदम उठाता है। हालांकि भोजन के लिए सामान्य तरीके से पशु काटने जैसे मामलों पर फेसबुक आमतौर पर आपत्ति नहीं करता।