चंद्र ग्रह का वैदिक ज्योतिष शास्त्र में विशेष महत्व है, जो अन्य ग्रहों की तुलना में सबसे तेज गति से गोचर करते हैं। हालांकि, चंद्र ग्रह यानी चंद्रमा और चांद के प्रत्येक गोचर का प्रभाव 12 राशियों के जातकों के जीवन पर बहुत ही गहरा पड़ता है। अगस्त 2026 में सबसे पहले चंद्रमा मीन राशि में गोचर करेंगे, जिसके स्वामी देवगुरु बृहस्पति (गुरु ग्रह) हैं। चलिए जानते हैं चंद्रमा के इस गोचर का समय, इससे लाभ पाने वाली 3 लकी राशियों का राशिफल और उनसे जुड़े प्रभावी उपायों के बारे में।
द्रिक पंचांग की गणना के अनुसार, अगस्त 2026 में पहली बार चंद्र ग्रह का गोचर मीन राशि में 2 तारीख को होगा। 2 अगस्त को दोपहर में 3 बजकर 26 मिनट पर चंद्र ग्रह की चाल बदलेगी। इस राशि में चंद्र ग्रह 4 अगस्त 2026 तक अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। इस दिन वो रात में 9 बजकर 53 मिनट पर राशि परिवर्तन करेंगे।
चंद्र ग्रह की प्रिय राशियों में से एक वृषभ के जातकों के लिए चंद्र ग्रह का ये गोचर शुभ रहेगा। जो लोग संगीत, लेखन, फैशन डिजाइन या फोटोग्राफी आदि कला से जुड़े क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, उन्हें महत्वपूर्ण कार्यों में कामयाबी मिलेगी। मानसिक शांति का अहसास होगा और अनिद्रा की शिकायत दूर होगी।
कर्क को चंद्र और देवगुरु बृहस्पति (गुरु) ग्रह दोनों की प्रिय राशि माना जाता है, जिसके जातकों के लिए ये गोचर काफी शुभ रहने वाला है। भावनाओं के स्थिर रहने से आप सही-गलत की पहचान कर पाएंगे। साथ ही रचनात्मक कार्यों में आपका मन लगेगा। इसके अलावा आध्यात्मिक झुकाव में भी वृद्धि होने की संभावना अधिक है।
चंद्रमा अगस्त 2026 में पहली बार मीन राशि में गोचर करने वाले हैं, जो उनके जातकों के लिए शुभ रहेगा। आपका मन स्थिर रहेगा, जिसकी वजह से आप अपने कार्य पर ध्यान दे पाएंगे। इसके अलावा अनिद्रा की समस्या दूर होगी। रिश्तों की बात करें तो माता से आपका लगाव बढ़ेगा। आप दिल खोलकर अपने मन की बात उनसे कह पाएंगे।
यदि आप चंद्र ग्रह की विशेष कृपा प्राप्त करना चाहते हैं तो इस गोचर के दौरान रात के समय चंद्रमा को जल जरूर अर्पित करें। जल अर्पित करने के लिए आप चांदी या पीतल का लोटा ले सकते हैं, जिसमें पानी के साथ थोड़ा-सा कच्चा दूध, अक्षत के कुछ दाने और मिश्री मिलाएं। इसके अलावा सोमवार का व्रत रखें और शिव जी की पूजा करें। इस समय सावन चल रहा है, ऐसे में इस उपाय से आपको चंद्र ग्रह के साथ-साथ शिव जी की भी विशेष कृपा प्राप्त हो सकती है।
यह राशिफल सामान्य ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। व्यक्तिगत जीवन में वास्तविक परिणाम अन्य ग्रहों की स्थिति के अनुसार भिन्न हो सकते हैं। बता दें कि ये जानकारी केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।