मोबाइल बेचने से पहले जरूरी फोटो, वीडियो, कॉन्टैक्ट और डॉक्यूमेंट का बैकअप लेना चाहिए। इसके लिए क्लाउड स्टोरेज या कंप्यूटर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे नया फोन लेने के बाद डेटा आसानी से वापस मिल जाता है।
अगर एंड्रॉयड फोन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसमें से Google अकाउंट लॉगआउट करना जरूरी है। वहीं iPhone यूजर्स को अपना Apple ID हटाना चाहिए। ऐसा नहीं करने पर नया यूज़र फोन इस्तेमाल नहीं कर पाएगा और आपकी निजी जानकारी भी फोन में बनी रह सकती है।
फोन बेचने से पहले UPI एप्स, मोबाइल बैंकिंग और वॉलेट एप्स को पूरी तरह लॉगआउट करके डिलीट करना चाहिए। कई बार लोग सिर्फ एप हटाते हैं, लेकिन अकाउंट लॉगआउट नहीं करते, जिससे धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है।
गैलरी में मौजूद निजी फोटो, वीडियो, आधार कार्ड, पैन कार्ड और दूसरे जरूरी डॉक्यूमेंट्स को पूरी तरह डिलीट करना जरूरी है। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि डिलीट करने के बाद फोन का ट्रैश या रीसायकल फोल्डर भी साफ कर देना चाहिए।
WhatsApp, Facebook, Instagram और दूसरे सोशल मीडिया एप्स को सिर्फ अनइंस्टॉल करना काफी नहीं होता। पहले सभी अकाउंट्स से लॉगआउट करें और जरूरी चैट का बैकअप ले लें। इसके बाद एप्स हटाएं।
सारा डेटा हटाने के बाद फोन को Factory Reset जरूर करें। इससे मोबाइल पूरी तरह नए जैसा हो जाता है और पुराना डेटा हट जाता है। एंड्रॉयड और iPhone दोनों में यह विकल्प सेटिंग्स में मिलता है।
कई लोग जल्दी में SIM कार्ड या मेमोरी कार्ड फोन में ही छोड़ देते हैं। इससे कॉन्टैक्ट, OTP और निजी जानकारी गलत हाथों में जा सकती है। इसलिए फोन बेचने से पहले इन्हें जरूर निकाल लें।
साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि मोबाइल में हमारी बैंकिंग, निजी फोटो और कई जरूरी जानकारियां मौजूद होती हैं। ऐसे में फोन बेचने से पहले पूरी सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।