भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने देश में एक नया प्रीपेड प्लान पेश किया है, जिसे भारत कनेक्ट प्लान नाम दिया गया है। यह प्लान उन यूज़र्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिन्हें रोज़ाना ज्यादा डेटा की जरूरत होती है और जो बार-बार रिचार्ज से बचना चाहते हैं। इसमें लंबी वैधता के साथ डेटा, कॉलिंग और SMS तीनों सुविधाएं दी जा रही हैं।
BSNL भारत कनेक्ट प्लान की कीमत 2,626 रुपये रखी गई है और इसकी वैधता पूरे 365 दिनों की है। कंपनी के अनुसार, इस प्लान में यूजर्स को रोजाना 2.6GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है।
इसके अलावा सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और प्रतिदिन 100 SMS की सुविधा भी दी जा रही है। यह प्लान खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए है, जो सालभर बिना रुकावट डेटा इस्तेमाल करना चाहते हैं।
यह प्रीपेड प्लान लिमिटेड पीरियड ऑफर के तौर पर लॉन्च किया गया है, जो 24 जनवरी से 24 फरवरी तक उपलब्ध रहेगा। ग्राहक BSNL के रिचार्ज एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म BReX के जरिए इसे रिचार्ज कर सकते हैं, जो कंपनी के आधिकारिक चैटबॉट के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है।
प्रीपेड प्लान के साथ-साथ BSNL ने अपने ब्रॉडबैंड पोर्टफोलियो में भी बदलाव किया है। कंपनी ने सुपरस्टार प्रीमियम ब्रॉडबैंड प्लान की कीमत घटा दी है। अब यह प्लान 999 रुपये की जगह 799 रुपये प्रति माह में उपलब्ध होगा।
सुपरस्टार प्रीमियम प्लान में 200Mbps की इंटरनेट स्पीड के साथ 5,000GB मासिक डेटा दिया जा रहा है। इसके अलावा इसमें कई OTT प्लेटफॉर्म्स का सब्सक्रिप्शन भी शामिल है, जिनमें Sony LIV, Lionsgate, JioHotstar, Epic On, Hungama और Shemaroo जैसे नाम शामिल हैं।
BSNL ने इस प्लान पर 12 महीने का एडवांस पेमेंट करने वाले ग्राहकों के लिए 20 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट भी पेश की है, जिससे इसकी प्रभावी कीमत और कम हो जाती है। यह संशोधित कीमत और डिस्काउंट ऑफर 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगा। ग्राहक BSNL के व्हाट्सएप सपोर्ट चैनल के जरिए सुपरस्टार प्रीमियम प्लान में अपग्रेड कर सकते हैं।