पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेट कप्तान वसीम अकरम इन दिनों अपने ससुराल में हैं जहां वो ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान वनडे सीरीज के दौरान कमेंट्री कर रहे हैं। इस बीच उनको वहां अपनी बिल्ली के बाल कटाना बेहद महंगा पड़ गया। आप भी जानिए कि उन्होंने कितने डॉलर खर्च करने पड़े।
वसीम अकरम की 42 वर्षीय पत्नी शनेरा अकरम ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर से हैं। दोनों की शादी 2013 में हुई थी। उसके बाद से वो अधिकतर समय पाकिस्तान में रहती हैं और द अकरम फाउंडेशन के लिए समाजसेवा का कार्य करती हैं।
वसीम अकरम आजकल ऑस्ट्रेलिया में चल रही पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया वनडे अंतरराष्ट्रीय सीरीज में कमेंट्री कर रहे हैं। कमेंट्री के दौरान उन्होंने वहां मौजूद अपने साथी कमेंटेटरों को एक दिलचस्प किस्सा सुनाया जिसने सभी को हैरान कर दिया।
पूर्व दिग्गज पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम ने बताया कि वो यहां अपनी बिल्ली के बाल कटाने गए तो इसके लिए उनको तकरीबन 1000 ऑस्ट्रेलियन डॉलर (तकरीबन 50 हजार रुपये) खर्च करने पड़ गए।
अकरम ने साथी कमेंटेटरों को बिल्ली के बाल कटवाने का बिल भी दिखाया। इसमें 5000 रुपये बिल्ली के मेडिकल चेकअप के लिए लगे, फिर 16000 रुपये का एनेसथीसिया देकर बिल्ली को बेहोश किया गया और उसके बाद 2000 रुपये बाल कटवाने के लगे। यही नहीं, बिल्ली के होश में आने के बाद देखभाल के लिए 6000 रुपये और कार्डियो टेस्ट के लिए 13000 रुपये भी चुकाने पड़े।
अकरम ने ये भी कहा कि इतनी रकम में पाकिस्तान में 200 बिल्लियों के बाल कट सकते थे। बेशक बिल्ली ने अकरम की जेब ढीली कर दी हो, लेकिन पाकिस्तानी टीम ने 2002 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर 2-1 से वनडे सीरीज जीतकर उनको थोड़ी खुशी जरूर दी है।