सालों से भारतीय क्रिकेट फैंस के मन में ये सवाल है कि आखिर राहुल द्रविड़ के बाद, सालों से बीसीसीआई के साथ जुड़े व सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बखूबी काम कर रहे महान पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को टीम इंडिया का कोच क्यों नहीं बनाया गया और गौतम गंभीर को इस पद के लिए चुना गया। अब पहली बार इस मुद्दे पर लक्ष्मण ने खुद खुलासा किया है।
वीवीएस लक्ष्मण ने बताया कि वो 2023 में टीम की ज़िम्मेदारी संभालने वाले थे। जानकारी के लिए बता दें कि 2023 क्रिकेट वर्ल्ड कप के बाद द्रविड़ का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था। हालांकि, लक्ष्मण के यह काम न संभालने के बाद, पूर्व भारतीय कप्तान 2024 T20 वर्ल्ड कप में जीत तक टीम के इंचार्ज बने रहे और उसके बाद गंभीर ने यह जिम्मेदारी संभाली।
लक्ष्मण ने कहा कि यह उनका अपना फैसला था कि वो यह काम नहीं करेंगे। 134 टेस्ट मैच खेलने वाले इस दिग्गज ने बताया कि उन्होंने निजी कारणों से यह काम न करने का फ़ैसला किया और इसके बजाय CoE (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के हेड के तौर पर दो साल का एक्सटेंशन साइन किया।
लक्ष्मण ने कहा- मैंने अपना कार्यकाल इसलिए बढ़ाया क्योंकि 2023 में मुझे हेड कोच बनना था। निजी कारणों से मैं वह ज़िम्मेदारी नहीं ले सका। मैंने जय (शाह) से दो बार बात की और उन्होंने मेरी वजहों को समझा। जय और BCCI ने मुझे जो कुछ भी दिया है, उसे देखते हुए, और देवजीत व अन्य पदाधिकारियों के साथ भी मेरा अच्छा तालमेल रहा है, मैंने BCCI से वादा किया कि भले ही मैं हेड कोच का पद नहीं संभाल रहा, लेकिन मैं COE (सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस) जरूर स्थापित करूंगा। दो साल के कार्यकाल के बाद जाने से पहले मैं इसका ढांचा तैयार कर दूंगा।
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि जब द्रविड़ ने भारतीय क्रिकेट टीम का हेड कोच बनने के लिए नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के हेड का पद छोड़ा, तो लक्ष्मण ने वह जिम्मेदारी संभाली। CoE बनने के बाद, BCCI की गतिविधियां NCA से CoE में चली गईं, लेकिन लक्ष्मण इंचार्ज बने रहे।
अपने कार्यकाल के दौरान, जब द्रविड़ या गंभीर उपलब्ध नहीं थे, तब लक्ष्मण ने भारतीय टीम के अंतरिम हेड कोच के तौर पर ज़िम्मेदारी संभाली है। उन्हें भारत का स्थायी हेड कोच बनाने की मांग भी उठती रही है। रिपोर्ट्स में उन्हें चीफ सेलेक्टर की भूमिका से भी जोड़ा गया है।
फिलहाल मौजूदा कोच गौतम गंभीर के कोचिंग कार्यकाल पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। खासतौर पर हाल में टी20 क्रिकेट में विश्व चैंपियन भारत की विदेश में जिस तरह फजीहत हुई और जिन फैसलों की वजह से हुई, उसको लेकर गंभीर की काफी आलोचना हुई और बाद में वो छुट्टी पर चले गए। गंभीर का कोचिंग करार अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप तक का है।