साल 2025 के शुरुआत में वनडे क्रिकेट, टी20 क्रिकेट और फिर आईपीएल का जोर रहा, लेकिन अब तमाम क्रिकेट टीमें सफेद जर्सी में अपना दमखम दिखाने के लिए मैदान पर उतर रही हैं। इन मैचों में बल्लेबाजों के बीच रेस शुरू हो चुकी है, इस साल सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाला बल्लेबाज बनने की दौड़।
इस साल अब तक जितना भी टेस्ट क्रिकेट हुआ है उसमें सबसे ज्यादा ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों का रहा है। आने वाले समय में भारत-इंग्लैंड के बीच भी टेस्ट सीरीज होगी जिसमें इन दो देशों के बल्लेबाज भी रनों की बौछार करते हुए टॉप-5 टेस्ट बल्लेबाजों की लिस्ट में अपना नाम जोड़ेंगे। फिलहाल जान लेते हैं कि अभी किन 5 बल्लेबाजों ने 2025 में सर्वाधिक टेस्ट रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज स्टीव स्मिथ इस साल टेस्ट रन बनाने की लिस्ट में शीर्ष पर हैं। स्मिथ ने WTC फाइनल में 66 और 13 रनों की पारियां खेलीं थीं। अब वो 2025 में 4 टेस्ट मैचों की 6 पारियों में 64.66 के औसत से 388 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और 1 अर्धशतक निकला है।
लिस्ट में दूसरे नंबर पर भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का नाम है और वो हैं उस्मान ख्वाजा। बेशक उस्मान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में फ्लॉप रहे जहां वो पहली पारी में शून्य और दूसरी पारी में कुल 6 रन बना सके, लेकिन फिर भी वो टॉप 5 बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2025 में अब तक 4 मैचों की 7 पारियों में 57.33 के औसत से 344 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक लगाया है।
जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट इस साल सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वालों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। इस 21 साल के बल्लेबाज ने टेस्ट करियर के शुरुआत में ही अच्छी छाप छोड़ी है और हाल में इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम टेस्ट मैच में 139 रनों की पारी खेलकर सबका दिल जीता था। वो 2025 में अब तक 5 टेस्ट मैचों की 10 पारियों में 332 रन बना चुके हैं। इस बीच उनके बल्ले से एक सेंचुरी और 2 अर्धशतक आए हैं।
सूची में चौथा नाम भी जिम्बाब्वे से ही है। ये हैं अनुभवी बल्लेबाज सीन विलियम्स। वो अपने पिछले तीन टेस्ट मैचों की एक ना एक पारी में अर्धशतक जरूर लगाने में सफल रहे हैं। कैलेंडर ईयर 2025 में अब तक वो 4 टेस्ट मैचों की 8 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 320 रन बना चुके हैं, जिसमें तीन हाफ-सेंचुरी शामिल हैं।
इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की इस टॉप-5 लिस्ट में पाचवें बल्लेबाज हैं ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 2025 में अब तक 4 टेस्ट मुकाबलों की 5 पारियों में 72.25 के औसत से 289 रन बनाए हैं, इसमें एक शतक शामिल रहा।
भारत ने अब तक 2025 में सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है। वो टेस्ट मैच पिछले साल शुरू हुए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच था, जो जनवरी में खेला गया था। ऐसे में भारत के लिए इस साल सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं जिनके नाम एक टेस्ट मैच में 101 रन हैं। उन्होंने जनवरी 2025 में खेले गए सिडनी टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 40 और 61 रनों की पारियां खेली थीं।