आईपीएल के बाद टी20 क्रिकेट में जो सबसे महंगी और बड़ी टी20 लीग है, वो ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग है। बीबीएल के इस संस्करण के फाइनल में गजब का रोमांच देखने को मिला और हीरो बना एक ऐसा खिलाड़ी जिसे अब तक कम ही लोग जानते थे लेकिन एक पारी से उसने सब कुछ पलटकर रख दिया है।
ऑस्ट्रेलिया के होबार्ट में बिग बैश लीग का फाइनल मैच खेला गया जिसमें आमने-सामने थीं सिडनी थंडर और होबार्ट हरीकेंस की टीमें। इस मैच में दोनों ही टीमों ने पूरा जोर लगाया लेकिन मेजबान टीम अपने एक खिलाड़ी के दम पर बाजी मार ले गई।
इस फाइनल मैच में सिडनी थंडर टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ओपनर्स जेसन संघा की 67 रन और कप्तान डेविड वॉर्नर की 48 रनों की पारियों के दम पर 7 विकेट पर 187 रन बनाए। इसके बाद 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए होबार्ट की टीम ने कुल 14.1 ओवर में धुआंधार अंदाज में लक्ष्य हासिल कर लिया।
होबार्ट हरीकेंस के 23 वर्षीय ओपनर मिचेल ओवन अपनी टीम के स्टार बने और दुनिया भर में छा गए। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में 108 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और अपनी टीम को मैच और खिताब जिताने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। उनकी इस पारी में 11 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।
ओवन ने अपनी इस पारी के दौरान सबसे पहले 15 गेंदों में अर्धशतक लगाकर बिग बैश लीग इतिहास का सबसे तेज पचासा जड़ने का कमाल कर दिखाया। वो इसके बाद भी रुके नहीं और सिर्फ 39 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। ये बिग बैश लीग फाइनल के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक साबित हुआ है।
मिचेल ओवन का जन्म 16 सितंबर 2001 को ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया में होबार्ट शहर में हुआ था। वो दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और तेज गेंदबाजी करने में भी माहिर हैं। कुछ ही दिन पहले पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ भी इस बल्लेबाज ने 21 दिसंबर 2024 को 64 गेंदों में नाबाद 101 रनों की पारी खेली थी।
अब सवाल यही है कि क्या मिचेल ओवन का आईपीएल 2025 में स्वागत होगा। सभी टीमें तो तैयार हैं लेकिन अब भी चोटिल खिलाड़ियों की जगह टीमें बाहर से खिलाड़ियों को साइन कर सकती हैं, ऐसे में ओवन जैसे धुआंधार बल्लेबाज पर सभी आईपीएल फ्रेंचाइजी की नजरें टिक गई होंगी।