दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला ले लिया है। इस खबर ने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को झटका दिया है।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2025 के अपने अंतिम मुकाबले में शतक जड़ने वाले हेनरिच क्लासेन ने टूर्नामेंट से बाहर होने के कुछ ही दिन बाद अब एक बड़ा फैसला लिया और सोशल मीडिया पर इसका ऐलान किया। अब वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करते नजर नहीं आएंगे।
हेनरिच क्लासेन ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने संन्यास का ऐलान किया है। इसमें उन्होंने उस प्रमुख वजह का खुलासा भी किया है कि आखिरी उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से क्यों रिटायरमेंट लिया है। दरअसल, वो अब अपने परिवार को ज्यादा समय देना चाहते हैं इसलिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम से दूरी बनाने का फैसला लिया।
बेशक क्लासेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है लेकिन वो दुनिया भर में होने वाली तमाम टी20 लीग में खेलते रहेंगे, जिसमें आईपीएल भी शामिल है। वो आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद टीम के अहम सदस्य रहे हैं।
आपको बता दें कि हेनरिच क्लासेन सनराइजर्स हैदराबाद के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं और आईपीएल 2025 के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी भी रहे। उन्हें हैदराबाद ने 23 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
वैसे एक वजह ये भी हो सकती है कि दुनिया के बड़े खिलाड़ी एक के बाद एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूरी बना रहे हैं। इससे वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम से मुक्त हो जाते हैं, परिवार के साथ समय बिता पाते हैं और साथ ही पैसा कमाने के लिए उनके पास दुनिया की तमाम टी20 लीग का जरिया भी मौजूद है।
दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी हेनरिच क्लासेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4 टेस्ट मैचों में 104 रन, 60 वनडे मैचों में 2141 रन बनाए जिसमें 4 शतक और 11 अर्धशतक शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 58 मैचों में 1000 रन बनाए जिसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं।