टीम इंडिया के भरोसेमंद बल्लेबाज केएल राहुल ने भारत-न्यूजीलैंड पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपने टेस्ट करियर का 13वां शतक लगाया और टीम इंडिया को 300 रन के पार ले जाने में अहम भूमिका निभाई। राहुल ने इस दौरान अपने शतक से भारतीय क्रिकेट इतिहास का एक अनूठा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसके बारे में यहां आपको बताएंगे।
टीम इंडिया के 34 वर्षीय ओपनर केएल राहुल ने इतिहास रच दिया है। वेलिंगटन के बेसिन रिज़र्व में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट मैच में अपना 13वां टेस्ट शतक पूरा करते ही वो चारों SENA देशों - दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया - में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए। राहुल ने 207 गेंदों पर शतक जड़कर यह मुकाम हासिल किया। इस खास उपलब्धि के साथ, वह उन चुनिंदा एशियाई बल्लेबाजों के समूह में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाए हैं।
केएल राहुल ऐसा करने वाले आठवें एशियाई बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले मोहम्मद अज़हरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, सईद अनवर, राहुल द्रविड़, यूनिस खान, कुमार संगकारा और विराट कोहली यह कारनामा कर चुके हैं। कुल मिलाकर, वह ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी हैं। खास बात यह है कि राहुल और पाकिस्तान के पूर्व ओपनर सईद अनवर इस समूह के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने SENA (ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका) के सभी चार देशों में ओपनिंग करते हुए टेस्ट शतक लगाए हैं।
न्यूजीलैंड में अपने पहले टेस्ट शतक के साथ, राहुल ने इन चारों देशों में शतक लगाने का अपना रिकॉर्ड पूरा कर लिया। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में शतक लगाए थे, और अब इस नई पारी के साथ न्यूजीलैंड का नाम भी इस सूची में जुड़ गया है।
इस शतक के साथ राहुल के कुल टेस्ट शतकों की संख्या 13 हो गई है, जिसमें 10 शतक विदेशी धरती पर और 3 शतक घरेलू मैदान पर आए हैं। ये इस बात का प्रमाण भी है कि विदेशी जमीन पर राहुल ने अपना दबदबा दिखाया है।
साल 2021 से अब तक केएल राहुल ने ओपनर के तौर पर 7 टेस्ट शतक लगाए हैं। इस मामले में वो बेन डकेट, यशस्वी जायसवाल और दिमुथ करुणारत्ने के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।
इसके अलावा चल रहे आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में भी वे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले ओपनर्स में शामिल हैं। उन्होंने 4 शतक लगाए हैं, जो टॉम लैथम और ट्रैविस हेड के बराबर है।
भारतीय ओपनर्स की बात करें तो, राहुल के नाम अब 12 टेस्ट शतक हो गए हैं, जो मुरली विजय के बराबर हैं। इस सूची में सुनील गावस्कर 33 शतकों के साथ सबसे आगे हैं, उनके बाद वीरेंद्र सहवाग (22 शतक) हैं, जबकि गौतम गंभीर और रोहित शर्मा के नाम 9-9 शतक दर्ज हैं।