इंग्लैंड के महान क्रिकेटरों में शुमार जोस बटलर ने श्रीलंका के खिलाफ द रोज बाउल स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मैच में अपनी शानदार पारी के दौरान एक नया टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया है। आइए जानते हैं बटलर ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में क्या नया कमाल किया है।
मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम और मेहमान श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच साउथैम्पटन में टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मैच खेला गया। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने शुरुआत में डोनाल्ड के रूप में अपना पहला विकेट कुल 31 के स्कोर पर गंवा दिया। लेकिन इसके बाद जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक ने ऐसी आक्रामक बल्लेबाजी की, जिसने श्रीलंकाई गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी।
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए ना सिर्फ जोस बटलर का साथ दिया बल्कि कुछ ही देर में बटलर के स्कोर से भी आगे निकल गए। ब्रूक ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 42 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों में 6 छक्के और 10 चौके लगाते हुए नाबाद 114 रनों की पारी खेली।
ब्रूक के अलावा ओपनर जोस बटलर ने भी जबरदस्त पारी खेली, वो भी शतक की ओर तेज रफ्तार से बढ़ रहे थे लेकिन 44 गेंदों में 80 रन बनाने के बाद हसरंगा की गेंद पर कैच आउट हो गए। बटलर ने 3 छक्के और 8 चौके लगाए। इस दौरान बटलर ने एक खास रिकॉर्ड बना डाला।
इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के ओपनर रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज के तौर पर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया है।
बटलर के नाम अब 161 T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 34.33 की औसत से 4,292 रन हैं, जिसमें 2 शतक और 29 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने भारत के रोहित शर्मा (4,231 रन) को पीछे छोड़ते हुए पुरुषों के T20I इतिहास में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज़ का स्थान हासिल कर लिया है। पाकिस्तान के बाबर आज़म 145 मैचों में 38.94 की औसत से 4,596 रनों के साथ सूची में सबसे ऊपर हैं और पुरुषों के T20I क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बने हुए हैं।
ब्रूक और बटलर की शानदार पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने 254/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका कभी भी लक्ष्य का पीछा करते हुए मज़बूत स्थिति में नहीं दिखी और 19 ओवरों में 135 रनों पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने ये मैच 119 रनों के विशाल अंतर से जीता। ब्रूक को उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ T20I स्कोर के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया। ये श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की लगातार 13वीं टी20 जीत भी साबित हुई है।